सुरजन नगर। क्षेत्र में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत बढ़ती जा रही है। मंगलवार रात करीब 10 बजे ठाकुरद्वारा रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास एक तेंदुआ पेड़ के नीचे बैठा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने छत पर चढ़कर तेंदुआ का फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
गांव निवासी जुबैर आलम ने बताया कि मंगलवार की रात पड़ोसी साकिब के बच्चे छत पर टहल रहे थे। इसी दौरान बच्चों की नजर घर के सामने खड़े पेड़ के नीचे बैठे तेंदुए पर पड़ी। बच्चों की सूचना पर परिजन छत पर पहुंचे और मोबाइल से फोटो खींच लिया। जानकारी होने पर आसपास के लोग भी पहुंच गए। शोर सुनकर तेंदुआ पेड़ के नीचे से उठकर बराबर में गन्ने के खेत में चला गया। ग्रामीणों का आरोप है कि तेंदुआ दिखाई देने के करीब 18 घंटे बाद भी वन विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। बुधवार शाम पांच बजे तक विभागीय टीम के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की। प्रदर्शन में नरेश कुमार, सुखराम सिंह, हेमराज सिंह, शकीर, जुबैर आलम, शोएब, टीपू, हाशिम हाजी, रियाज, फरमान और अनस आदि शामिल रहे।