मुरादाबाद। लालापुर पीपलसाना गांव में खेत पर काम करते समय महिला को निवाला बनाने के छह दिन बाद भी तेंदुआ वन विभाग की पकड़ से बाहर है। इस पर डीएफओ ने वन रेंजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
तीन अगस्त को ठाकुरद्वारा के लालापुर पीपलसाना गांव की संतोष देवी को खेत में गन्ने की पत्ती उतारते समय तेंदुए ने निवाला बना लिया था। घटना के बाद रेंजर और उनकी टीम मौके पर पहुंची थी। हालांकि रात करीब नौ बजे टीम वापस लौट गई। इसके बाद मौके पर निगरानी और कार्रवाई को लेकर सवाल उठे। डीएफओ ने मामले में संबंधित रेंजर से जवाब मांगा। रेंजर की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। डीएफओ ने रेंजर की शिकायत वन संरक्षक से करने की बात कही। इस पर रेंजर ने जवाब देते हुए चीफ साहब से कहने की बात कही। स्पष्ट जवाब नहीं देने व आचरण नियमावली का उल्लंघन पर रेंजर रवि कुमार गंगवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। चार अगस्त से रेंजर का फोन बंद है। वह छुट्टी पर चले गए हैं।