सुरजननगर (मुरादाबाद)। गांव दुल्हापुर पट्टी चौहान निवासी विजयपाल सिंह के पालतू कुत्ते को शनिवार की रात निवाला बनाने के बाद तेंदुआ रविवार की रात फिर से दो बार उनके घर में घुस आया। शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया। सोमवार को ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी और प्रदर्शन कर पिंजरा लगाने की मांग की।
शनिवार की रात गांव दुल्हापुर पट्टी चौहान में तेंदुआ घुस आया और गांव निवासी विजयपाल सिंह के पालतू कुत्ते को निवाला बना लिया। सुबह परिजन उठे तो कुत्ते के अवशेष मिले, लेकिन यह पता नहीं चल सका कि कुत्ते को किस जानवर ने निवाला बनाया है। रविवार की रात विजयपाल सिंह का बेटा रवि कुमार जानवर का पता लगाने के लिए आंगन में खड़ी कार में शीशे बंद कर बैठ गया और परिजन कमरे में सो गए। रात करीब 10:30 बजे तेंदुआ दीवार कूदकर आंगन में आ गया। यह देखकर कार में बैठे रवि ने परिजनों को तेंदुए के आने की सूचना दी। परिजनों के शोर मचाने पर तेंदुआ भाग गया।
रात में करीब दो बजे एक बार फिर से तेंदुआ दीवार कूदकर घर में घुस गया, जिस पर कार में बैठे रवि ने परिजनों को पुनः सूचना दी, जिस पर सभी परिजन छत पर पहुंच गए और शोर मचा दिया। शोर सुनकर तेंदुआ दीवार फांदकर भाग गया। सोमवार को ग्राम प्रधान वेद प्रकाश सिंह की सूचना पर वन दरोगा पीयूष जोशी टीम के साथ गांव पहुंचे और जांच पड़ताल की। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर तेंदुआ पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की। वन दरोगा ने पिंजरा लगाने का आश्वासन दिया है। साथ ही ग्रामीणों से समूह में खेतों पर जाने की अपील की है। प्रदर्शन करने वालों में आनंद सिंह, रवि कुमार, शैलेंद्र कुमार, छोटे सिंह, नरपत सिंह व देवेंद्र सिंह आदि शामिल थे।
चार माह पहले दिखे थे तेंदुए के तीन शावक
चार माह पहले गांव से करीब 500 मीटर की दूरी पर गांव निवासी मुकेश कुमार के खेत में ग्रामीणों ने तेंदुए के तीन शावक देखने के बाद वन विभाग को सूचना दी थी, लेकिन वन विभाग की टीम पहुंचने के पहले ही मादा तेंदुआ शावकों को अपने साथ ले गई थी। तेंदुआ और शावक दिखने के बाद ग्रामीणों ने पिंजरा लगाने की मांग की थी, लेकिन वन विभाग ने ध्यान नहीं दिया था।
फोटो नंबर -1 ग्राम दुल्हापुर पट्टी चौहान में प्रदर्शन कर पिंजरा लगाने की मांग करते ग्रामीण