कांठ (मुरादाबाद)। बाग में अपने शिकार को दबोचकर बैठे तेंदुए को किसानों ने दौड़ा दिया। जिससे घबराकर तेंदुआ शिकार को छोड़कर सड़क पार स्थित स्कूल की दीवार फांदकर रिसेप्शन कक्ष में घुस गया। तेंदुए को देख स्कूल प्रबंधक ने रिसेप्शन कक्ष को बंद कर दिया और पुलिस व वन विभाग को सूचना दी। तीन घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए को पकड़कर पिंजरे में बंद किया और अपने साथ ले गई।
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे कांठ-अमरोहा मार्ग पर गांव शाहूपुर में स्थित कस्बा उमरी कलां निवासी अफसर अली के बाग में एक तेंदुआ गीदड़ को दबोचे बैठा था। इसी दौरान इधर से गुजर रहे किसानों की नजर इस पर पड़ गई। उन्होंने शोर मचाते हुए तेंदुए को दौड़ा लिया। घबराहट में तेंदुआ गीदड़ को छोड़कर कांठ-अमरोहा मार्ग को पार कर सामने स्थित ब्राईटलैंड पब्लिक स्कूल की दीवार को फांदकर स्कूल के अंदर दाखिल हो गया और यहां बने रिसेप्शन कक्ष में घुस गया। स्कूल में मौजूद चौकीदार मंगलू ने शोर मचा दिया। इतने में स्कूल प्रबंधक महबूब मलिक भी आ गए। उन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए रिसेप्शन कक्ष को बाहर से बंद कर दिया और तत्काल इसकी सूचना पुलिस व वन विभाग के अधिकारियों को दी। कुछ देर में ही पीआरवी 112 पुलिस भी पहुंच गई। स्कूल में तेंदुआ घुसने की जानकारी पर वन क्षेत्राधिकारी ग्रीशचंद्र श्रीवास्तव, वरिष्ठ उप क्षेत्रीय वनाधिकारी अनुज कुमार, मनोज कुमार वर्मा, डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह, वन दरोगा राजेंद्र सिंह, अमरजीत सिंह, गौरव, कपिल आदि भी पहुंच गए। टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए जाल आदि लगाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 09:30 बजे बमुश्किल तेंदुए को पकड़ा जा सका। इसके बाद वन विभाग की टीम उसे पिंजरे में बंद कर अपने साथ डियर पार्क मुरादाबाद ले गई।
क्षेत्र के शाहूपुर स्थित ब्राईटलैंड पब्लिक स्कूल में शुक्रवार की सुबह घुसे तेंदुए की आयु करीब सात माह है। डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि जिस तेंदुए को स्कूल से पकड़ा गया है, वह नर है। उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उन्होंने बताया कि तेंदुए को उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अमानगढ़ के जंगल में छोड़ने के लिए ले जाया जा रहा है। संवाद
तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने जब ब्राईटलैंड पब्लिक स्कूल में रेस्क्यू शुरू किया तो वह समय बच्चों के स्कूल आने का समय था। स्कूल प्रबंधक महबूब मलिक ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए शुक्रवार को तत्काल स्कूल की छुट्टी कर दी, जो बच्चे स्कूल तक पहुंचे भी थे तो उन्हें बाहर से ही घरों को वापस भेज दिया गया। इधर तेंदुए को पकड़ने के दौरान स्कूल के बाहर लोगों की भारी भीड़ लग गई। शाहूपुर सहित देहरी जुम्मन, कस्बा उमरी कलां के तमाम लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए थे। संवाद