कांठ। जंगल से घास लेने गए नौवीं के छात्र पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। जिससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, उसने तेंदुए पर दरांत से प्रहार कर खुद को बचाया। घायल छात्र को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना पर वन विभाग के अधिकारियों और पुलिस ने भी जानकारी जुटाते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने के लिए कहा है।
कांठ क्षेत्र के गांव मुजफ्फरपुर टांडा निवासी मुनेश पाल का 13 वर्षीय बेटा लोकेंद्र कुमार पास के ही गांव ध्यानपुरा स्थित केपी इंटर कॉलेज में नौवीं का छात्र है। शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे लोकेंद्र अपने तहेरे भाइयों शुभम और विकास के साथ पशुओं के लिए घास लेने जंगल गया था। तीनों सुंदरी नदी के पास घास काट रहे थे, तभी झाड़ियों में छिपकर बैठे एक तेंदुए ने अचानक लोकेंद्र पर हमला कर दिया। तेंदुआ उसे पंजों में दबोचकर खींचकर ले जाने का प्रयास कर रहा था कि लोकेंद्र ने हाथ में मौजूद घास काटने वाली दरांत से तेंदुए पर प्रहार कर खुद को बचाया। दरांत लगने से तेंदुआ लोकेंद्र को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। हमले में घायल लोकेंद्र को उसके दोनों भाई घर लेकर आए और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ लेकर पहुंचे, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उसे सीरम वैक्सीन के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इधर घटना की सूचना मिलने पर पुलिस व वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंच गई और जानकारी जुटाई। ग्रामीणों ने हमलावर तेंदुए को जल्द से जल्द पकड़वाने की मांग वन विभाग से की है।
मुजफ्फरपुर टांडा समेत आसपास के कई गांवों में तेंदुए का खौफ
कांठ। शनिवार को 13 वर्षीय छात्र लोकेंद्र कुमार पर गांव मुजफ्फरपुर टांडा में तेंदुए द्वारा हमला कर घायल करने के बाद से मुजफ्फरपुर टांडा समेत आसपास के गांव मिलक, खेमपुरपुर सैफुल्लापुर, गांवड़ी, शेरपुर, रूस्तमपुर, ध्यानपुरा, भागीजोत, मौहड़ी हजरतपुर, खूंटखेड़ा, मिश्रीपुर, मंझरा, बेगमपुर आदि में भी तेंदुए का खौफ व्याप्त हो गया है। मुजफ्फरपुर टांडा के ग्राम प्रधान पति संजय सिसौदिया, पूर्व प्रधान साबिर, अशोक कुमार, मुनेश पाल सिंह आदि ने तेंदुए को पकड़वाने के लिए पिंजरा लगवाने की मांग की है। संवाद