बिलारी। ब्लॉक के नगलिया जट गांव में पाइप लाइन बिछाने के बाद गांव की आबादी के अंदर की टूटी सड़कें दो साल बाद भी ठीक नहीं हो पाई हैं। जल जीवन मिशन के तहत नगलिया गांव की आबादी के सभी रास्तों पर सड़कें खोदकर भूमिगत पाइप लाइन बिछाई गई थी। पाइप लाइन बिछाने के दौरान जिन रास्तों में खड़ंजा उखाड़ा गया था, वहां तो ग्रामीणों ने खड़ंजे की उखड़ी ईंटों को स्वयं लगाकर खड़ंजे का जहां तहां ठीक कर दिया लेकिन जहां सीमेंट से बनी सड़क और डामर उखाड़ कर पाइप लाइन बिछाई गई थी वहां ग्रामीण जल निगम के ठेकेदार से यह उम्मीद लगाए रहे कि वह टूटी और उखड़ी सड़कों को ठीक कराएंगे। ग्राम पंचायत नगलिया जट के प्रधान चौधरी संजीव कुमार ने बताया कि पाइप लाइन बिछाने से गांव की आबादी की अनेक सड़कें टूटी पड़ी हैं। जल निगम और ब्लॉक के अधिकारियों से कई बार कहने के बाद भी टूटी सड़कें ठीक नहीं हो पाई हैं। नगलिया जट गांव निवासी रनवीर सिंह ने बताया कि उखड़ी सड़कों में होकर निकलते समय कई बार महिलाएं और बच्चे गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बाइक और साइकिल सवारों को भी जलनिगम द्वारा तोड़ी गई सड़कों से होकर निकलने में काफी दिक्कत होती है। दो साल बाद भी जल निगम के ठेकेदार सड़कों को ठीक नहीं करा पाए हैं।