बसपा के पिछड़ा वर्ग भाई चारा सम्मेलन में हथियार लेकर पहुंचे समर्थक को पुलिस ने पकड़ा तो बसपा प्रत्याशी अतीक अहमद आपे से बाहर हो गए। बसपा प्रत्याशी ने मंच से पुलिस को ललकारते हुए कहा कि, मेरे प्रत्याशी को छोड़ दो नहीं तो थाना फूंक दूंगा। बसपा प्रत्याशी के तेवरों से पुलिस भी सकपका गई।
पुलिस ने समर्थक को तो छोड़ दिया लेकिन नेताजी की ललकार की वीडियो बना ली। उधर, प्रत्याशी को आपे से बाहर देख मंच पर मौजूद बसपा के कुछ नेताओं ने उन्हें इशारा करके खामोश रहने की हिदायत दी।
शुक्रवार को अंबेडकर पार्क में बसपा के भाई चारा सम्मेलन में पार्टी के तमाम प्रत्याशियों के समर्थक मौजूद थे। शहर सीट से बसपा के प्रत्याशी अतीक सैफी के समर्थक भी यहां पहुंचे थे। इनमें से एक समर्थक के पास रायफल थी। बसपा कार्यकर्ता पर रायफल देख पुलिस ने उसे रोक लिया और सिविल लाइंस थाने ले जाने लगी।
मंच पर मौजूद अतीक की नजर जब कार्यकर्ता को पकड़कर ले जा रही पुलिस पर पड़ी तो उन्होंने तेजी से उठकर माइक थाम लिया। अतीक ने मंच से कहा कि पुलिस उनके समर्थकों को परेशान कर रही है।
समर्थकों को पकड़कर थाने ले जाया जा रहा है, जिसे वो बर्दाश्त नहीं करेंगे। अतीक यहीं नहीं रुके, बोले- पुलिस ने समर्थकों को परेशान किया तो वह थाना फूंक देंगे।