मुरादाबाद। पुलिस की जांच में सामने आया है कि कुशांक के अपने विवाद तो थे ही दूसरे के मामलों में भी वह सामने आ जाते थे। कुशांक के कर्मचारी शिवम का भाई को दो माह पहले रामगंगा नदी में कुछ लोगों ने डूबते हुए देखने का दावा किया था, लेकिन कुशांक ने इस मामले में पुलिस अफसरों को प्रार्थना पत्र देकर दावा था कि उसकी हत्या की गई है।
उसने अपने पास कुछ फुटेज भी होने का दावा किया था। हालांकि अभी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। सिविल लाइंस के हरथला गंगा मंदिर निवासी शिवम कुशांक की दुकान में काम करता है। पांच नवंबर से शिवम का भाई लापता था। उस वक्त तीन युवकों ने शिवम के घर आकर बताया था कि उन्होंने चंद्र किरण (शिवम का भाई) को नदी में छलांग लगाते हुए देखा था। इसके बाद से पुलिस और पीएसी के गोताखोरों ने उसकी तलाश की थी, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी कोई सफलता नहीं मिल पाई थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश बंद कर दी थी, हालांकि अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
कुशांक पिछले दिनों इस संबंध में एसएसपी कार्यालय पहुंचा था। इसके अलावा सिविल लाइंस थाने में भी उन्होंने एक प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें उन्होंने दावा किया था कि उसके पास कुछ फुटेज हैं। जिसके जरिये उन्होंने शिवम के भाई के साथ अनहोनी की आशंका जताकर मामले की जांच कराने की मांग की थी। कुशांक इस मामले में खुद पैरवी कर रहे थे।
कारोबारी के मोबाइल की भी डिटेल खंगाल रही पुलिस
पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद अब कारोबारी के मोबाइल की डिटेल खंगाल रही है। पुलिस इस तह में भी जाने की कोशिश कर रही है कि उन्हें किन किन लोगों ने कॉल की और इस संबंध में बातचीत की थी। ताकी इस हत्याकांड से जुड़ा कोई क्लू पुलिस को मिल जाए।
जांच के दायरे में करीबी लोग भी
स्पोर्ट्स कारोबारी की तफ्तीश में जुटी पुलिस नामजद आरोपियों के अलावा करीबियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस हर एक पहलू तक तह तक जाने में जुटी है। पुलिस की जांच टीमें चार सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों फुटेज खंगाल चुकी है। शूटर के कांठ रोड तक जाने तक की फुटेज पुलिस को मिल चुकी है। इसके बाद आगे कैमरे न होने के कारण सफलता नहीं मिल पा रही है। जांच के दायरे में कुशांक के करीबी लोग भी हैं। पुलिस को संदेह है कि इस हत्याकांड में किसी करीबी का हाथ भी हो सकता है। पुलिस का मानना है कि हो सकता है कि सुपारी देकर हत्या कराई हो। इस लिए सभी संदेह के घेरे में आए लोगों की जांच कराना भी जरूरी है।
डीआइजी ने मांगी प्रगति रिपोर्ट
डीआईजी शलभ माथुर ने भी कुशांक गुप्ता हत्याकांड के बारे में पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। डीआईजी ने कुशांक के परिजनों से भी बातचीत की है। डीआईजी ने बताया कि पुलिस टीमें हत्याकांड के खुलासे में जुटी हैं। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
कुशांक के घर पहुंचे नगर विधायक रितेश गुप्ता, डीआईजी और एसएसपी से की बात
नगर विधायक रितेश गुप्ता शुक्रवार को कुशांक के घर पहुंचे और परिवार से मिलकर दुख जताया। इसके बाद उन्होंने इस संबंध में डीआईजी और एसएसपी से भी बात की। उन्होंने अफसरों से कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा जाए।