फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: कुंदरकी को आज मिलेगा नया विधायक

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना के बाद शनिवार दोपहर तक क्षेत्र को नया विधायक मिल जाएगा। इसके साथ ही 12 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला भी हो जाएगा। जिला प्रशासन ने मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
विज्ञापन


उप जिला निर्वाचन अधिकारी गुलाब चंद ने बताया कि शनिवार सुबह आठ बजे से कृषि उत्पादन मंडी समिति में मतगणना शुरू होगी। दो टेबल पर पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी, जबकि 14 टेबल पर ईवीएम के वोटों की गिनती की जाएगी। चक्रवार वोटों की गिनती के बाद सूचना प्रसारित की जाएगी। रिटर्निंग अफसर मतगणना पर नजर रखेंगे।
सुरक्षा की दृष्टि से किसी बाहरी व्यक्ति को हाल के अंदर जाने की इजाजत नहीं होगी। सिर्फ प्रत्याशियों के एजेंट ही अंदर मतगणना पर निगाह रखेंगे। सभी दलों की शिकायतों की सुनवाई के लिए प्रेक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे। पूरे मतगणना क्षेत्र की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जा रही है। कर्मचारियों से लेकर राजनीतिक दलों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। चेकिंग के बाद स्टेशनरी के साथ एजेंटों को प्रवेश दिया जाएगा।
विज्ञापन

कुंदरकी विधानसभा के 2,22,588 यानी 57.86 प्रतिशत लोगों ने अपने मतों का प्रयोग किया है। इसमें 1,29,855 पुरुष, 92,730 महिलाएं और तीन अन्य मतदाता शामिल हैं। मतगणना के साथ ही भाजपा के रामवीर सिंह, सपा के हाजी रिजवान, बसपा के रफतउल्ला, आजाद समाज पार्टी के चांदबाबू, एआईएमआईएम के मो. वारिस सहित 12 प्रत्याशियों का इंतजार भी खत्म हो जाएगा। संभावना है कि दोपहर एक बजे तक मतगणना पूरी हो जाएगी और नए विधायक का नाम घोषित कर दिया जाएगा।


मतगणना कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
डीएम अनुज सिंह के समक्ष कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मतगणना कर्मियों को ट्रेनर ने अंतिम प्रशिक्षण दिया। बताया कि किस प्रकार ईवीएम की सील तोड़ी जाएगी। गिनती के लिए कौन से बटन दबानी होगी। मशीन में खराबी आने पर कौन से प्रक्रिया अपनाई जाएगी। एजेंट को शक होने पर कर्मचारी को क्या करना चाहिए। ट्रेनिंग के दौरान सामान्य प्रेक्षक भारती होलिकेरी भी मौजूद रहीं।
-


प्रेक्षक और डीएम ने लिया स्ट्रांगरूम की सुरक्षा का जायजा
सामान्य प्रेक्षक भारती होलिकेरी के साथ डीएम अनुज सिंह ने शुक्रवार को मंडी परिसर की सुरक्षा का जायजा लिया। यहां स्ट्रांगरूम के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी गुलाब चंद्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मतगणना के कारण 23 नवंबर को मतगणना स्थल के आठ किलोमीटर परिक्षेत्र में शराब की दुकानें नहीं खुलेंगी। मतगणना समाप्ति के बाद मंडी खोलने की इजाजत दी जाएगी।

जियाउर्रहमान बर्क के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट
2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी जियाउर्रहमान बर्क कुंदरकी से विधायक बने थे। हालांकि, 2024 लोकसभा चुनाव में सपा ने बर्क को संभल से प्रत्याशी बनाया और वह जीत दर्ज कर सांसद बन गए। जियाउर्रहमान बर्क के इस्तीफे से कुंदरकी विधानसभा सीट खाली हो गई थी। इसी कारण यहां उपचुनाव कराया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें