मुरादाबाद। प्रदेश स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में मेजबान मुरादाबाद मंडल ने जीत से आगाज किया। 43 किलोग्राम भार वर्ग के पहले मुकाबले में ही मुरादाबाद की वैष्णवी ने कानपुर की स्वाति को चित कर दिया। यह मैच महज दो मिनट में खत्म हो गया और मुरादाबाद के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास भी दोगुना हो गया।
प्रतियोगिता का आयोजन रामगंगा विहार स्थित सोनकपुर स्टेडियम में हो रहा है। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों की टीमें पहुंची हैं। सब जूनियर वर्ग में बेटियां अपने दांव दिखा रही हैं। शुक्रवार को शाम चार बजे प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एमडीए के वीसी शैलेष कुमार ने किया। उन्होंने बालिका खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनमें जोश भरा।
पहले दिन सिर्फ पांच मुकाबले खेले गए। दूसरा मैच 46 किलो भार वर्ग में हुआ। इसमें वाराणसी की नेहा ने कानपुर की रोशनी को हराया। तीसरे मुकाबले में 65 किलो भार वर्ग में गोरखपुर स्पोर्ट्स कॉलेज की अनामिका ने वाराणसी की खुशबू को हराया। 61 किलो भार वर्ग में कानपुर की जोया ने वाराणसी की ख्वाहिश को हराया। 73 किलो भार वर्ग में मुरादाबाद की आयुषी ने वाराणसी की लक्ष्मी को हराया।
मैच के दौरान जिला कुश्ती संघ के सचिव पवन सिसोदिया ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। निर्णायकों में राजकुमार मिश्रा, गोरखनाथ यादव, रामसजन यादव, आंचल, भारती वघेल, संगीता, दीपक यादव आदि शामिल रहे। इस मौके पर आरएसओ नरेश चंद यादव, ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव डॉ. अजय पाठक, अयोध्या के डिप्टी आरएसओ विवेक कुमार, संतोष क्षेत्री आदि मौजूद रहे।