कुंदरकी विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में सपा गठबंधन के प्रत्याशी हाजी रिजवान की पुलिस से तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में हाजी रिजवान पुलिस से कहते नजर आ रहे हैं कि उन्हें जेल में डाल दो और विपक्षी प्रत्याशी को जीत का प्रमाणपत्र दे दो।
समाजवादी पार्टी ने बैठक कर उपचुनाव को निष्पक्ष कराने की मांग चुनाव आयोग से की है। वहीं आगामी जनसभाओं को सफल बनाने को लेकर मंथन किया। हाईवे स्थित गांव डोमघर में हाजी मोहम्मद रिजवान के कार्यालय पर हुई बैठक में रामपुर के सपा सांसद मौलाना मोहिबुल्लाह नदवी, संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क माैजूद रहे।
इसके अलावा कांठ विधायक कमाल अख्तर, ठाकुरद्वारा विधायक नवाब जान खां, बिलारी विधायक मोहम्मद फहीम इरफान, पूर्व विधायक अनीसुर्रहमान सैफी, जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव, हाजी मोहम्मद उस्मान आदि सपा नेता मौजूद रहे।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन पर सपा कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाने और परेशान करने का आरोप लगाया है। साथ ही निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की।