मुरादाबाद। वाकिफ कहां जमाना हमारी उड़ान से, वो और थे जो हार गए आसमान से। फहीम जोगापुरी का यह शेर शहर के पैरा खिलाड़़ी कुणाल अरोड़ा पर सटीक बैठता है, जो थैलेसीमिया बीमारी से ग्रसित होने के बावजूद भी हार नहीं मानते और विभिन्न स्तर की प्रतियोगिताओं में चैंपियन बनकर शहर का मान बढ़ाते हैं। अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मेडल जीत चुके कुणाल ने हाल ही में लखनऊ में खेली गई राज्य स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है और अपनी कैटेगरी में यूपी के नंबर-एक खिलाड़ी बन गए हैं।
लखनऊ में पैसिफिक टेबल टेनिस एकेडमी की ओर से खेली गई यूपी पैरा स्टेट टेबल टेनिस चैंपियनशिप में कुणाल ने अजेय रहते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। कुणाल ने प्रतियोगिता में 12 जनवरी को खेले गए फाइनल मैच में कानपुर के शिवम पाल को 3-2 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले उन्होंने सेमीफाइनल में राजू को 3-1 और क्वार्टर फाइनल मैच में हिमांशु को 3-0 से हराया। इस चैंपियनशिप में मेडल जीतने के बाद कुणाल एक बार फिर पैरा खेलों में अपने कैटेगरी में प्रदेश का नंबर-एक खिलाड़ी होने का तमगा हासिल कर लिया है।
फाइनल मैच में कुणाल अरोड़ा पहला दोनों सेट हार गए थे। लेकिन मैच में हार न मानने की जिद ने उन्हें जोरदार वापसी दिलाई। दोनों सेट में पिछड़ने के बाद कुणाल ने जबरदस्त तरीके से मैच में वापसी की और लगातार तीन सेट जीतकर फाइनल मैच अपने नाम किया। कुणाल ने पैरा खेलों में 2014 से खेलना शुरू किया था। इसके बाद वह अबतक अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिताओं में 25 पदक जीत चुके हैं। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय पिता यशपाल अरोड़ा और मां सोनिया अरोड़ा को दिया है। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बहन मोहिता अरोड़ा और कोच का भी आभार जताया है। स्टेट प्रतियोगिता में चैंपियन बनकर लौटे कुणाल का बुधवार में उनके अपार्टमेंट में जोरदार स्वागत किया गया।
- क्या है थैलेसीमिया
कुणाल अरोड़ा थैलेसीमिया से पीड़ित हैं। इस बीमारी में उनका एक पैर छोटा और एक बड़ा है। इसी बीमारी के कारण वह पैरा खेलों में प्रतिभाग करते हैं। उन्होंने बताया कि वह बचपन से ही इस बीमारी से पीड़ित हैं। उन्हें लगातार ब्लड की भी जरूरत पड़ती रहती है।
- पैरालंपिक में खेलने का है सपना
कुणाल अरोड़ा ने बताया कि उनका सपना है कि वह पैरालंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करें और गोल्ड मेडल जीतें। इससे पहले वह थाईलैंड ओपन पैरा टेबल टेनिस चैंपियनशिप की मिक्स डबल प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल भी जीत चुके हैं। साथ ही चीन में आयोजित एशियन चैंपियनशिप, इजिप्ट ओपन चैंपियनशिप, ब्राजील ओपन चैंपियनशिप जैसे खेलों में भी प्रतिभाग कर चुके हैं।