शहर कोतवाल का टॉमी पूरे देश में सुर्खियां बटोर रहा है। नेशनल मीडिया ने कोतवाल साहब के टॉमी को प्रमुखता से जगह दी है। मामला उछलने के बाद कोतवाल पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमले के बाद गृह मंत्रालय की ओर से जारी हाई अलर्ट को इंस्पेक्टर कोतवाली ने मजाक बना डाला था।
ट्रेंड स्निफर डॉग की जगह कोतवाल अपने पालतू टॉमी को लेकर स्टेशन पहुंचे थे और उससे ट्रेन व यात्रियों की चेकिंग कर डाली थी। पठानकोट एयरबेस में हुए आतंकी हमले के बाद गृह मंत्रालय ने पूरे देश में हाई अलर्ट जारी किया था। मुरादाबाद समेत पश्चिमी यूपी के तमाम जिलों को खास तौर पर एलर्ट किया गया था। आतंकी हमलों की आशंका में रेलवे स्टेशन, रोडवेज, होटल, ढाबों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग के आदेश दिए गए थे।
इसी क्रम में एसएसपी नितिन तिवारी ने रविवार देर रात सरप्राइज चेकिंग का आदेश दिया था। इस दौरान इंस्पेक्टर कोतवाली डॉग स्क्वाड के ट्रेंड स्निफर डॉग की जगह अपने पालतू कुत्ते टॉमी को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे और पूरा स्ट्रेशन इसी अनट्रेंड कुत्ते से चेक करा दिया था। चेकिंग के नाम पर हुए इस खिलवाड़ से पुलिस महकमे की अच्छी भली फजीहत हुई है। अब यह मामला नेशनल मीडिया की सुर्खियों में छाया हुआ है।
चार दिन में भी नहीं पहुंचा जांच का आदेश
एसपी सिटी डा. राम सुरेश यादव का सोमवार को कहना था कि चेकिंग के नाम पर इंस्पेक्टर द्वारा किए गए मखौल के मामले में सीओ कोतवाली को जांच के आदेश दिए हैं। लेकिन एसपी सिटी के ये आदेश चार दिन बाद भी कोतवाली सीओ के आफिस तक नहीं पहुंचे हैैं।
सीओ कोतवाली पूनम मिश्रा का कहना है कि उन्हें अधिकारिक रूप से अभी तक टॉमी प्रकरण की जांच का कोई आदेश नहीं मिला है। इस बाबत पूछने पर एसपी सिटी ने बताया कि जांच के आदेश किए जा चुके हैं सीओ आफिस भिजवा दिए जाएंगे।