फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: कक्षाओं में घुटनों तक पानी...मैदान में तैरने लगीं मछलियां

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। लगातार हुई बारिश की वजह से विद्यालयों में हालात खराब हो गए। कहीं कक्षाओं में घुटनों तक पानी भरा था तो कहीं मैदान में मछलियां तैरने लगीं। मंगलवार को दिनभर शिक्षक बारिश से बच्चों को बचाने की जद्दोजहद करते रहे। बीएसए का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परिस्थिति के हिसाब से छात्र व शिक्षक हित में निर्णय लें।
विज्ञापन

मूंढापांडे के प्राथमिक विद्यालय देवापुर में पूरा परिसर पानी से लबालब हो गया। यहां तक कि कार्यालय और कक्षाओं में पानी भर गया था। विद्यालय में 115 विद्यार्थी आए थे। प्रधानाध्यापिका संजू रानी ने बताया कि मुख्य सड़क से विद्यालय कई फीट नीचे हो गया है। पहले नाले का पानी आता था, लेकिन बारिश का पानी पहली बार आया है। उन्होंने कहा कि ग्राम सचिव ने विद्यालय को ऊंचा करने का प्रस्ताव तैयार किया है। मुरादाबाद ग्रामीण ब्लॉक के प्राथमिक स्कूल गनीमत नगर में हालात बदतर थे। यहां पर कक्षाओं में पानी भरा था। जब स्थिति बिगड़ने लगी तो शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को ऊंची वाली डेस्क पर बैठा दिया। कुछ बच्चे उस पर खड़े हो गए। इसी प्रकार भगतपुर ब्लॉक प्राथमिक विद्यालय खपरैल की मिलक के पूरे परिसर में पानी भरा था। बच्चे अपनी पेंट को घुटनों तक मोड़कर कक्षाओं में पहुंचे।

टेबल पर ही कराया लंच
प्राथमिक विद्यालय नूरी सराय गोट में कक्षाओं में काफी पानी भर गया। प्रधानाध्यापिका फाकिहा खान ने बताया कि विद्यालय में चार शिक्षिकाएं और 143 विद्यार्थी थे। पानी में जब छोटे कीड़े देखे तो बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें टेबल पर पैर रखकर बैठा दिया। इसके बाद टेबल पर ही उन्हें लंच करवाया। पानी का आना रुक नहीं रहा था तो उच्च अधिकारियों को फोन किया। उनकी अनुमति से विद्यार्थियों को लंच में घर भेज दिया।
विज्ञापन


वाइपर से निकालते रहे पानी
प्राथमिक विद्यालय सराय अगवानपुर की कक्षाओं में पानी टपकने लगा। प्रधानाध्यापिका सरिता शर्मा ने बताया कि मंगलवार को 138 विद्यार्थी पढ़ने के लिए आए थे। अधिकतर कक्षाओं में साइड से पानी टपक रहा था। एक कक्षा के दरवाजे के पास से पानी आ रहा था। पीछे की तरफ पूरा पानी भर गया था, क्योंकि ड्रेनेज सिस्टम नहीं है। वाइपर से पानी को निकाला।


मैदान में तैरनी लगीं मछलियां
उच्च प्राथमिक विद्यालय त्रिलोकपुर के विद्यार्थियों के अलावा यहां प्राइमरी के बच्चे भी पढ़ते हैं। बारिश की वजह से मैदान में पानी भर गया है और गड्ढों में मछलियां भी तैरने लगी हैं। बच्चे अपने जूते-चप्पल हाथों में लेकर कक्षाओं में पहुंचे। प्रधानाध्यापक विजेंद्र सिंह ने बताया कि मुख्य सड़क से मैदान नीचा है। इसकी वजह से जलभराव हो रहा है। यहां पर करीब ढ़ाई से तीन फीट तक भराव किया जाना है। कार्यालय की छत टपकती है।


वर्जन...
विद्यालयों में साफ-सफाई और बिजली के उपकरणों को ठीक करने के लिए पहले ही निर्देश दिए गए थे। सभी प्रधानाध्यापकों से भी वहां की परेशानियों की जानकारी ली जा रही है। अब सभी बीईओ से कह दिया गया है कि वह परिस्थिति के हिसाब से विद्यार्थी और शिक्षक हित में निर्णय लें।
विज्ञापन

अमित सिंह, बीएसए
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें