बिलारी। संभल जिले के मिठनपुर मौजा गांव निवासी किशनवीर की 12 दिन पूर्व हुई हत्या की घटना में किशनवीर की पत्नी और उसके दो प्रेमियों समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या करने और साक्ष्य मिटाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पत्नी के संबंधों में बाधा बनने पर योजनाबद्ध तरीके से पानी में डुबोकर किशनवीर की हत्या की गई थी।
31 जुलाई की सुबह थाना बिलारी क्षेत्र में ढकिया नरू गांव के जंगल में अभनपुर सड़क मार्ग के किनारे प्रेम सिंह के धान के खेत में एक 35 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला था। पुलिस प्रयास के बाद शव की शिनाख्त संभल जिले में थाना कुढ़फतेहगढ़ के मिठनपुर मौजा गांव निवासी किशनवीर के रूप में हुई थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पानी में डूबने से किशनवीर की मौत होने की पुष्टि हुई थी। पुलिस और परिजन लगातार यह जानकारी करने में जुटे थे कि आखिरकार मिठनपुर मौजा से लगभग तीस किमी दूर ढकिया नरू के जंगल में किशनवीर कैसे पहुंचा। सूत्रों के अनुसार परिजनों की सलाह पर पुलिस ने किशन वीर की पत्नी पिंकी और उसके कई करीबियों के मोबाइल नंबरों की जब सीडीआर निकलवाई तब पुलिस और परिजनों की समझ में पूरी कहानी आ गई।
30 जुलाई की दोपहर दो बजे चमन निवासी मनकूला और अवनेश निवासी रम्पुरा थाना सोनकपुर मेरे भाई के घर आए और उसे ई रिक्शा में बैठाकर अपने साथ थाना बिलारी के स्योंडारा गांव ले गए। यहां पहले से ही नितिन निवासी मनकूला और रविकांत निवासी मोहल्ला प्रेम विहार कालोनी नगर बिलारी मिल गए। बाद में चारों आरोपी दो बाइक पर बैठकर मेरी भाभी पिंकी की योजना के अनुसार भाई किशनवीर को अपने साथ बिलारी की ओर ले गए। महेंद्र सिंह के अनुसार गांव के कई लोगों ने चारों आरोपियों को अपने साथ किशनवीर को ले जाते देखा था। बाद में मेरे भाई को अधिक शराब पिलाकर नशे की हालत में होने के बाद ढकिया नरू के धान के पानी भरे खेत में डुबाेकर हत्या कर दी।
यह पूरी योजना भाभी पिंकी के कहने पर ही बनाई गई थी। अपने भाई का दसवां संस्कार करने के बाद जानकारी जुटाने पर उसे यह बात पता चल गई कि भाभी पिंकी की साजिश से नितिन, रविकांत, चमन और अविनेश ने मेरे भाई की हत्या की है। थाना प्रभारी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 एक और धारा 61 दो के तहत पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।