ठाकुरद्वारा नगर में काशीपुर रोड स्थित पशुपति फैक्टरी में काम करने वाले मजदूर के चार माह के बच्चे को अगवा कर लिया गया। पुलिस इस मामले में पश्चिम बंगाल के दंपती के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ठेकेदार समेत अन्य कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी दंपती की कोई संतान नहीं है। काशीपुर-मुरादाबाद रोड स्थित पशुपति फैक्टरी में इथेनॉल का प्लांट बन रहा है। इसमें मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी रामपाल व अन्य मजदूर काम कर रहे हैं। रामपाल फैक्टरी परिसर में ही पत्नी और बच्चों के साथ रहता है।
मजदूर का सबसे छोटा बेटा चार माह का है। अन्य मजदूर भी फैक्टरी परिसर में ही परिवार के साथ रहते हैं। आरोप है कि सोमवार को उनके पास में रहने वाले मुमताज और उसकी पत्नी अफसाना उसके चार माह के बच्चे दीपू को खिलाने के बहाने अपने साथ ले गए, लेकिन बच्चे को नहीं लौटाया और दोनों पति-पत्नी बच्चे समेत गायब है।
रामपाल ने बताया कि उसके आठ बच्चे हैं और आरोपी दंपती के पास अक्सर उसके बच्चे खेलते रहते थे। पुलिस ने बच्चे और आरोपी दंपती की तलाश में काफी प्रयास किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। जिस पर पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की है।
सीओ राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की एक टीम पश्चिम बंगाल भेजी गई है। वहीं बच्चे की तलाश में आसपास के क्षेत्र में दबिश दे रही है। पुलिस ने मामले में ठेकेदार, कंपनी में प्लांट का निर्माण कर रही एजेंसी के दो कर्मचारी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
इनमें एक ठेकेदार पश्चिम बंगाल निवासी सद्दाम शामिल है। ठेकेदार ही आरोपी दंपती को लेकर आया था। आरोपी दंपती भी पश्चिम बंगाल के ही रहने वाला है। आरोपी दंपती की कोई संतान नहीं है।