फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: ... दिल के महलों में बुजुर्गों का ठिकाना रखना

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। अपनी ख्वाहिश के परिंदे पर निशाना रखना। जिंदगी का जो सफर है वो सुहाना रखना। घर को होटल की तरह खूब सजाओ लेकिन दिल के महलों में बुजुर्गों का ठिकाना रखना। कानपुर से आए वरिष्ठ कवि डॉ. सुरेश अवस्थी ने जब ये पंक्तियां जिगर मंच से पढ़ीं तो श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण गुंजायमान कर दिया।
विज्ञापन

डॉ. अवस्थी की अध्यक्षता में प्रदर्शनी अनुगूंज में बृहस्पतिवार को कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें देशभर से आए रचनाकारों ने अपनी कविताओं के रस से श्रोताओं को सराबोर किया। मंच से कवियों ने जिगर मुरादाबादी, माहेश्वर तिवारी, हुल्लड़ मुरादाबादी को याद किया। नैनीताल से आई कवयित्री गौरी मिश्रा से सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का आगाज किया। मुरादाबाद की कवयित्री रेलवे की सीनियर डीओएम डॉ. अंजु सिंह ने सुंदर गजल सुनाकर वाहवाही लूटी। उन्होंने पढ़ा कि है जिनके हाथों में भाग्य रेखा, वही हैं बस क्या नसीब वाले। बे हाथ वालों के भाग्य का क्या गगन में तारा कोई नहीं है। हास्य कवि विकास खल ने पढ़ा कि किसी खंजर से न तलवार से जोड़ा जाए। सारी दुनिया को चलें प्यार से जोड़ा जाए। ये किसी शख्स को दोबारा न मिलने पाए, प्यार के रोग को आधार से जोड़ा जाए। कवि सत्येन वर्मा ने पढ़ा कि दौलत की झंकार नहीं, फन की खनक रखते हैं। हम फकीरों की बात मत पूछो, मुठ्ठी में फलक रखते हैं। प्रयागराज से आए डॉ. श्लेष गौतम ने पढ़ा कि चरण वंदना और प्रशस्ति गान ही गाए रहते हो, दरबारी तासीर लिए दुष्यंत नहीं हो पाओगे।
व्यंग्यकार तेज नारायण शर्मा ने कहा कि सड़क-रास्ते जाम कराकर, जलवा अपने नाम कराकर, सभी मसीहा लौट चुके हैं, शहर में कत्ल-ए-आम कराकर। जसवीर सिंह हलधर ने पढ़ा कि अब जो भी इसको लांघेगा वो मिट्टी में मिल जाएगा। जी भर के रक्त पिलाया है बासठ जैसी तासीर नहीं। मुकेश श्रीवास्तव ने पढ़ा कि मेरा भी मन करता है गीत लिखूं यौवनाओं पे। गीत मगर मैं लिख बैठा हूं संसद और नेताओं पे। इनके अलावा गौरी मिश्रा, नीर गोरखपुरी, कुशल कुशलेंद्र, उपेंद्र पांडे, शरीफ भारती, तुषा शर्मा, मोनिका दहलवी आदि ने कविताएं पढ़ीं।
विज्ञापन

मुख्य अतिथि एमएलसी डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त रहे। उनके अलावा संयुक्त कृषि निदेशक प्रशांत कुमार, जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी, अतुल जौहरी, कुलदीप कुमार, डॉ. कृष्ण कुमार नाज, डॉ. मनोज रस्तोगी, योगेंद्र वर्मा व्योम, मयंक शर्मा, कपिल कुमार, प्रिंस चौहान, संजीव आकांक्षी, कपिल रस्तोगी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें