फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘मेरे लिए तो दोनों किनारे एक से हैं’

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय में नववर्ष के अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने जहां अपनी रचना से देश के हालात को बयां किया वहीं अपने अंदाज में राजनेताओं पर भी तंज कसे।
विज्ञापन

यूनिवर्सिटी के सिद्धि भवन में आयोजित इस कवि सम्मेलन का शुभारंभ कुलाधिपति सुरेश जैन ने कवियों के साथ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। डा. भुवन मोहिनी ने सरस्वती वंदना से कवि सम्मेलन का आगाज किया। अंतरराष्ट्रीय शायर नवाज देवबंदी ने कहा, ‘दीपक जुगनू चांद सितारे एक से हैं, यानी सारे इश्क के मारे एक से हैं। दरिया हूं मैं, भेदभाव को क्या जानूं, मेरे लिए तो दोनों किनारे एक से हैं’। श्रृंगार रस के कवि डा. विष्णु सक्सेना ने अपनी प्यार मुहब्बत की इस रचना से युवाओं को दाद देने पर मजबूर कर दिया। ‘तू हवा है तो कर ले अपने हवाले मुझको, इससे पहले कि कोई और बहा ले मुझको। आईना बन के गुजारी है जिंदगी मैंने, टूट जाऊंगा बिखरने से बचा ले मुझको। हास्य कवि डा. गजेंद्र प्रियांशु ने कहा, ‘इतने निर्मोही कैसे सजन हो गए, किसकी बांहों में जाकर मगन हो गए। लौट कर क्यों नहीं परदेस से आए, आदमी न हुए काला धन हो गए’। संचालक संजय झाला ने कहा, ‘हमारा अपराध यही है कि हम पढ़ लिख गए, इसलिए गवर्नमेंट सर्वेंट हैं, नहीं पढ़ते तो गवर्नमेंट होते’।
वीर रस के कवि आशीष अनल ने अपनी रचना से लोगों में देश भक्ति की भावना का संचार कर दिया। उन्होंने पढ़ा-‘पहले बंटवारे वाली पीर को जिया, साथ-साथ बंटे कश्मीर को जिया, फिर हिंदू, मुस्लिम, सिख को जिया और फिर दोनों की कालिख को जिया, क्या जिया पहेली बूझ रहा हूं, खुद के साथ आप से भी पूछ रहा हूं। भारत की आन, बान, शान के लिए, कब जियेंगे अपने हिंदुस्तान के लिए’। डा. भुवन मोहिनी की इस रचना को भी खूब सराहा गया, ‘तना हो सर पर जब छप्पर, तो सावन क्या बिगाड़ेगा, तना हो सर पर जो दुपट्टा तो दुशासन क्या बिगाड़ेगा’। कशिश वारसी के कलाम को भी खूब दाद मिली। कार्यक्रम के अंत में यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सुरेश जैन के 76वें जन्मदिन पर यूनिवर्सिटी के स्टॉफ ने उन्हें शॉल ओढ़ा कर व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर ग्रुप वाइस चेयरमैन मनीष जैन, वीसी आरके मुद्गल, अक्षत जैन, नंदनी जैन, रघुवीर सिंह, अभिषेक कपूर, डा. अजय पंत, अनिल जैन, विपिन जैन, आरके द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें