कांठ। सावन के तीसरे सोमवार 17 अगस्त को शिव का जलाभिषेक करने के लिए हरिद्वार से कांवड़ में पवित्र गंगाजल भरकर अपनी मंजिल की ओर लगातार बढ़ रहे कांवड़ियों की शुक्रवार से संख्या बढ़ गई। जिससे हर-हर महादेव और बम भोले के जयकारों से नगर व क्षेत्र का वातावरण शिवमय हो गया।
सावन के माह में शिव भक्त हरिद्वार सहित तमाम तीर्थ नगरियों से पैदल कांवड़ में गंगाजल लाकर हर सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। दूर-दराज के कांवड़िये कंधे कांवड़ धारणकर कांठ नगर से होकर गुजर रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी पूरा दिन कांवड़ियों की वापसी होती रही। इधर हरिद्वार को जाने के लिए भी तमाम कांवड़ियों के वाहन नगर से होकर गुजरते रहे। जिससे कांठ क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह से शिव भक्ति में सराबोर हो गया। मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग और कांवड़ पथ पर भगवा वस्त्रधारी कांवड़िये दिखाई दे रहे हैं। शुक्रवार को अधिकांश बरेली, पीलीभीत, बदायूं, रामपुर, बिलासपुर, टांडा, संभल, चंदौसी, असमोली, बिलारी, कुंदरकी आदि स्थानों के कांवड़िये निकले। वहीं कांठ नगर व क्षेत्र में चल रहे शिविरों में कांवड़ियों की सेवा और सत्कार भी लोगों के द्वारा किया जा रहा है। शिविरों में शिव भक्तों के लिए भोजन, विश्राम, दवाइयों आदि की व्यवस्था चल रही है।