कांठ। बुधवार को आज सावन माह की शिवरात्रि है, जिस पर महादेव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़िये कतारबद्ध अपनी मंजिल की ओर लौट रहे, जिससे क्षेत्र का वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया है। वहीं स्थानीय श्रद्धालुओं ने शिवरात्रि पर जलाभिषेक की सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।
23 जुलाई को आज शिवरात्रि और 28 जुलाई को सावन का तीसरा सोमवार है। जिसके मद्देनजर कांवड़ियों द्वारा देवनगरी हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आने का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। बारिश के दौरान भी महादेव की भक्ति में चूर कांवड़िये अपने अलग-अलग अंदाज में कांधे पर कांवड़ धारण किए लगातार मंजिल की ओर बढ़ रहे हैं।
कोई घुंघरुओं की झम-झम तो कोई डीजे पर बज रहे धार्मिक भजनों पर झूमते हुए जाता हुआ दिखाई दे रहा है। मंगलवार को कांठ और छजलैट क्षेत्र से बदायूं, पीलीभीत, बरेली, बहेड़ी, बिलारी, रामपुर, मिलक, टांडा, बिलासपुर, चंदौसी, असमोली, मुरादाबाद, हरथला, अगवानपुर, पाकबाड़ा आदि तमाम स्थानों के कांवड़ जत्थे होकर गुजरे। खबर लिखे जाने तक भारी संख्या में कांवड़ियों के आने का सिलसिला जारी था। वहीं कांवड़ियों की संख्या बढ़ने से पुलिस ने कांवड़ यात्रा मार्ग की व्यवस्था को पूरी तरह से संभाल लिया है। पुलिस लगातार कांवड़ यात्रा मार्ग पर भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा ले रही है। एसडीएम संत दास पंवार और सीओ गौरव कुमार त्रिपाठी ने भी कांवड़मार्गों का दौरा किया है। वहीं दूसरी ओर सावन की शिवरात्रि कांठ के लाडलाबाद प्रकटेश्वर शिव मंदिर और छजलैट के ढाकी स्थित प्राचीन महादेव मंदिर पर भी भारी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे।