कांठ। मोहर्रम शांतिपूर्ण माहौल में समपन होने के बाद अब सावन माह की कांवड़ यात्रा को सकुशल कराने के लिए पुलिस और प्रशासन जुट गया है। इस बार सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में पूरी कांवड़ यात्रा रहेगी। जगह-जगह कैमरे लगाने का कार्य किया जा रहा है।
11 जुलाई से सावन माह शुरू हो रहा है और 14 को सावन का पहला सोमवार है। सावन माह की कांवड़ शुरू हो गई है। मुरादाबाद जनपद में कांठ से होकर ही शिव भक्त कांवड़िये प्रवेश करते हैं। यहां कांवड़ यात्रा को लेकर स्थानीय स्तर पर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कांठ में मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग, कांवड़ पथ मार्ग के साथ ही खलीलपुर कद्दीम मार्ग को भी कांवड़ यात्रा के लिए दुरुस्त कराया जा रहा है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर ब्लॉक प्रशासन ने कांवड़ यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, जल निकासी, गड्ढे भरवाने, झाड़ियों को कटवाने, कूड़े व कूड़ियों के ढेरों को हटवाने का काम शुरू करा दिया है। एडीओ पंचायत इरफान हुसैन खुद मौजूद रहकर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरों को लगवा रहे हैं। वहीं साफ-सफाई का कार्य भी तेजी से कराया जा रहा है। इस सप्ताह कांवड़ियों की अधिक संख्या में हरिद्वार से वापसी होना माना जा रहा है।