मुरादाबाद। लालबाग काली माता मंदिर और प्राचीन सिद्ध पीठ श्री नाै देवी काली माता मंदिर में नए महंताें की नियुक्ति के बाद बुधवार को मंदिर का 2904585 रुपये का बकाया बिजली बिल जमा कर दिया गया। साथ ही मंदिर का बैंक खाता खुलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। वहीं मंदिर में पहले से माैजूद सामानों की सूची बनवाई गई और दान पेटियों की धनराशि भी एकत्र कराई गई।
शिकायत के बाद नाै अप्रैल को महंत सज्जन गिरि और महंत राम गिरि को महंत पद से हटा दिया गया था। उनके स्थान पर महाकाल गिरि को काली माता मंदिर और हितेश्वर गिरि को प्राचीन सिद्ध पीठ का महंत बनाया गया। जबकि महंत वशिष्ठ गिरि और महंत इच्छा गिरि मुख्य पुजारी बनाए गए हैं। वहीं महंत सज्जन गिरि और महंत राम गिरि स्थानांतरण प्रयागराज कर दिया गया था। लेकिन दोनों वहां से न जाकर अपने घर चले गए।
महंत हितेश्वर गिरि ने बताया कि बुधवार को श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के प्रवक्ता महंत नारायण गिरि काली माता मंदिर पहुंचे। जहां अखाड़े के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों की माैजूदगी में मंदिर के सामानों की सूची बनवाई गई। साथ ही मंदिर की दान पेटियों को खुलवाकर धनराशि एकत्र कराई गई। बाद में मंदिर पर 2904585 रुपये के बकाया बिजली बिल काे अखाड़े की ओर से जमा किया गया। अब मंदिर का नया खाता खुलवाया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि दो आरओ और टंकियां भी लगवाई गई हैं।
00
शिवसेना ने किया नवनियुक्त महंतों का अभिनंदन
मुरादाबाद। शिवसेना की संस्कृति सभा ने जिला प्रमुख वीरेंद्र अरोड़ा के नेतृत्व में काली माता मंदिर में जूना अखाड़ा के नवनियुक्त महंत महाकाल गिरि और महंत हितेश्वर गिरि का फूल मालाओं से स्वागत किया। महंतों ने जिला प्रमुख को माता की चुनरी पहनाई। ब्यूरो