कुंदरकी। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को कुंदरकी में गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसमें महिलाएं अपने सिरों पर सुसज्जित कलश लिए माता रानी के जयकारे लगाते हुए चल रही थीं। शोभायात्रा में मां दुर्गा, श्री गणेश जी आदि की धार्मिक झांकियां शामिल रहीं।
नवदुर्गा महोत्सव मंडल के तत्वावधान में कुंदरकी के मोहल्ला सादात पश्चिमी स्थित काली देवी मंदिर से कलश शोभायात्रा शुरू हुई, यात्रा नगर के मुख्य बाजार से होते हुए चामुंडा देवी स्थल पर पहुंची। वहां से परिक्रमा के बाद शोभायात्रा मोहल्ला नूरूल्ला स्थित प्राचीन शिवमंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। भक्त महिलाओं ने अपने सुसज्जित कलश मंदिर में विधि-विधान के साथ स्थापित किए। शोभायात्रा का संचालन शिव कुमार वर्मा ने किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष कुसुम वर्मा, मंजू ठाकुर, मंजू तिवारी, वीरवती आर्य, आशा देवी, रेनू अग्रवाल, मधुवाला, क्रांति दिवाकर, बेबी शर्मा, आरती भटनागर, मुन्नी राजपूत, सुशीला राजपूत, लाडो दिवाकर, आशा शर्मा, मुन्नी दिवाकर, भूरी दिवाकर, मिन्नी ठाकुर आदि महिलाएं रहीं।
-
वैदिक मंत्रों के साथ किया यज्ञ, भक्तों ने दीं आहुतियां
चामुंडा देवी स्थल पर नवरात्र के पहले दिन भक्तों ने नवदुर्गा मां का व्रत रखा और मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की। वहीं भक्तों ने यज्ञ के हवनकुंड में आहुतियां दीं। भजन प्रस्तुत किए गए और आरती की गई। इस अवसर पर श्योराज सिंह, सूरज पाल सिंह, रवि, राजीव अग्रवाल, टीनू सागर, मनोज सिंह, विनोद पुजारी, देव सिंह, जय गोपाल आर्य, मुकेश व सतीश दिवाकर आदि रहे।