शहर की सरकार चुनने में मतदाताओं में मिलाजुला असर देखने को मिला। कहीं उत्साह तो कहीं सुस्ती छाई रही। ईवीएम ने भी मतदाताओं को खूब छकाया। पंद्रह से अधिक बूथों पर ईवीएम खराब हो गई है। यहां पैंतालीस मिनट से एक घंटे तक मतदान रुका रहा। वहीं कई बूथों पर मतदान कर्मी वोटरों का इंतजार करते रहे। इन बूथों पर सन्नाटा पसरा रहा।
मंडी समिति मतदान केंद्र के बूथ नंबर 290 पर सुबह आठ बजे ही मतदाता मतदान को पहुंच गए। लेकिन ये वोटर लाइन में ही खड़े रहे। करीब घंटेभर इस बूथ पर मतदान नहीं सका। जिसे लेकर मतदाताओं ने हंगामा किया। बाद में ईवीएम बदलने पर मतदान शुरू हो सका।
ऐसे ही सरस्वती विद्या मंदिर कालेज किसरौली के बूथ नंबर 442, फलादरान इंटर कालेज के बूथ नंबर 386, दांग स्कूल कोर्ट रोड के बूथ नंबर 331, लक्ष्मी नारायण कन्या इंटर कालेज में ईवीएम दगा दे गई। इससे इन बूथों पर मतदान रुका रहा। इसके अलावा बूथ नंबर 358, 341, 396, 368 पर ईवीएम की खराब से मतदान तीस से चालीस मिनट रुका रहा।
वहीं दूसरी ओर कई मतदान केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा। प्राइमरी कन्या खुशहालपुर मतदान केंद्र खाली दिखा। यहां मतदान कर्मी वोटरों का इंतजार करते रहे। यहां दोपहर तक महज 96 वोट पड़े थे। कुंदनपुर प्राथमिक विद्यालय रामलीला मैदान के मतदान केंद्र पर सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर तीन बजे तक यहां सिर्फ एजेंट नजर आए। इसके अलावा महीलाल स्कूल में भी इक्कादूक्का ही वोटर नजर आए।