बम बम भोले के जयकारों संग जलाभिषेक शुरू हो गया है। सभी प्रमुख मंदिरों पर भारी भीड़ रही। प्रशासन ने भी चौकस इंतजाम किए। चौरासी घंटा मंदिर और झारखंडी मंदिर समेत सभी प्रमुख मंदिरों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए थे।
मंदिरों के आसपास सुरक्षा के चौकस इंतजाम रहे। कई मंदिरों पर कांविडयों की लंबी लाइन देखने को मिली। महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में शिव भक्त कांवड़ लेकर आए। हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगा जल लेकर पहुंचे शिव भक्तों की भीड़ से माहौल भी शिवमय हो रहा था।
हरिद्वार रोड और दिल्ली हाईवे पर जगह जगह लगे शिविरों में कांवड़ियों का स्वागत किया गया। शहर के सभी मंदिरों पर भी भारी भीड़ देखने को मिली। चौरासी घंटा मंदिर पर तो दो बजे से ही जलाभिषेक शुरू हो गया था। रात को बारह बजे यहां भारी संख्या में शिव भक्त पहुंचे। बम बम भोले के जयकारे गूंज रहे थे।
शिव के भक्तों का जोश और उत्साह देखते ही बनता था। तड़के पांच बजे तो मंदिरों पर लाइनें लग रही थीं। वहीं कांठ रोड पर शिव भक्तों के स्वागत को शिविर लगाए गए थे। शिविरों में सभी के जलपान और भोजन की व्यवस्था रही।
जगह जगह भोले के भजनों पर भक्त झूम रहे थे। अफसरों ने भी निरीक्षण करके व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडीएम सिटी एके श्रीवास्तव ने चौरासी घंटा मंदिर का निरीक्षण किया।