कांठ। छजलैट थाना क्षेत्र के गांव गोलापांडे उर्फ संदलीपुर निवासी किसान अर्पित चौधरी के घर में नकब काटकर घुसे चोर लाखों के सोने-चांदी के गहने और नगदी चोरी करके ले गए। गृहस्वामी ने कार्रवाई के लिए छजलैट पुलिस को तहरीर दी है।
अर्पित चौधरी का घर अपने ही खेत में कांवड़ पथ के किनारे बना हुआ है। मंगलवार की रात 12:30 बजे तक मैच देखने के बाद वह बरामदे में सो गए। पास में ही उनकी पत्नी नीतू और ढाई साल का बेटा विवेन सोए हुए थे।
मां शशि बाहर आंगन में सो रहीं थीं। रात में चोर खेतों की ओर से घर के पीछे की दीवार में दो स्थानों पर नकब काटकर अंदर घुस आए और कमरे में रखी सेफ अलमारी के लॉक को तोड़कर उसमें रखे करीब दस तोले सोने और कई तोले चांदी के गहनों के साथ दस हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। तड़के चार बजे शशि जागी तो एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, उन्होंने अर्पित और नीतू को जगाया।
धक्का देकर कमरे का दरवाजा खोला गया। अंदर जाकर देखा तो दोनों कमरों में नकब कटे थे और सारा सामान फैला हुआ था। सूचना पर पहले पीआरबी और बाद में पहुंची थाना पुलिस ने मौका मुआयना किया।
अर्पित ने बताया कि पड़ोस में एक शादी थी, एक महीना पहले ही वह बैंक लॉकर से गहने निकाल कर लाए थे। इस लिए सारे गहने घर पर ही थे। बुधवार को पीड़ित ने छजलैट थाने आकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है।