फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर में यातायात व्यवस्था फिर धड़ाम, बाजारों में बेधड़क घुस रहे ई रिक्शा और चौपहिया वाहन

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। पिछले एक साल से जाम और अतिक्रमण हटाने पर की गई मेहनत चंद दिनों में बेकार हो गई। शहर के मुख्य बाजारों में ई रिक्शा और चौपाहिया वाहन बेधड़क घुस रहे हैं। जिन्हें रोकने के लिए अफसरों के पास अब न कोई योजना है और न ही चौराहों पर खड़े पुलिस कर्मी सख्ती कर रहे हैं। जिस कारण सोमवार को लोग जाम से जूझते नजर आए।
विज्ञापन

पूर्व एसएसपी अमित पाठक ने कानून व्यवस्था के साथ ही शहर को जाम और अतिक्रमण मुक्त कराने में खूब पसीना बहाया था। खुद चौराहे और बाजारों में फोर्स लेकर घूमते थे और अतिक्रमण फैलाने वालों पर कार्रवाई कराई। जिस कारण शहर की घनी आबादी और मुख्य बाजार की सड़कें भी जाम मुक्त हो गई थीं। महानगर के साथ ही जनपद के कस्बों में भी इसका असर देखने को मिला था, लेकिन अब फिर से सब कुछ पुराने ढर्रे पर आ गया है। एक साल की मेहनत चंद दिनों में ही बेकार हो गई है। शनिवार और रविवार को साप्ताहिक लॉक डाउन था। दो दिन बाद सोमवार को लॉक डाउन खुलते ही शहर की यातायात व्यवस्था धड़ाम हो गई। गुरहट्ठी चौराहा, गंज बाजार, चौमुखा पुल, अमरोहा गेट, मंडी चौक, बुध बाजार, टाउन हाल, जीएमडी रोड, ताड़ीखाना चौराहा, बाला जी मंदिर रोड, कचहरी रोड, जामा मस्जिद चौराहा पर सुबह से लेकर शाम तक लोग जाम से जूझते रहे। जाम लगने का मुख्य कारण पुलिस की लापरवाही रही। चौराहों पर खड़े पुलिस कर्मियों ने न तो ई रिक्शा और चौपहिया वाहनाें को बाजार में जाने से रोका और न जाम खुलने के लिए पसीना बहाया।
दो दिन लॉक डाउन रहता है। सोमवार को अधिक लोग घरों से बाहर निकलते हैं। जिस कारण कहीं-कहीं जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। चौराहों और बाजारों में पुलिस कर्मी तैनात हैं।
विज्ञापन

- अशोक कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात
सड़क को बना लिया पार्किग, कैसे न लगे जाम
मुरादाबाद। शहर के मुख्य बाजारों में दुकानदारों के वाहनों के कारण भी जाम लग रहा है। ताड़ीखाना तिराहे से गुरहट्टी चौराहे तक दुकानदाराें ने अपनी दुकानों के सामने ही सड़क को पार्किंग बना लिया है। दुपहिया और चौपहिया वाहनों को बीच सड़क पर खड़ा कर दिया जाता है। जिस कारण दोनों ओर कुछ ही जगह बच पाती है। इसके बाद यहां से वाहन निकल पाना मुश्किल होता है। चौमुखा पुल के पास भी यही हाल है। बुधबाजार चौक से लेकर बुध बाजार पुलिस चौकी के पास तक भी जगह-जगह सड़क के बीच वाहन खड़े कर दिए जाते हैं। सुपर बाजार के सामने सड़क पर दूर तक दुपहिया वाहन खड़े होने के कारण भी जाम लग रहा है।
---
जाम में फंसे अधिवक्ता की बाइक की डिग्गी से उड़ा लिया सामान
मुरादाबाद। मझोला के मनोहरपुर गांव निवासी अधिवक्ता तारा सिंह सोमवार सुबह साढ़े दस बजे कटरा नाज से सामान खरीदने गए थे। बाजार में जाम होने की वजह से उन्होंने अपनी बाइक चौराहे के पास एक दुकान के पास खड़ी कर दी थी। सामान खरीदकर वह वापस आए तो उनकी बाइक की डिग्गी से सामान चोरी हो चुका था। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर इस मामले में तहरीर दी है।
शारीरिक दूरी की उड़ रही धज्जियां
मुरादाबाद। जाम लगने के बाद यहां से निकलने के चक्कर में लोगों के बीच शारीरिक दूरी भी खत्म हो जाती है। इस भीड़ में अगर कोई संक्रमित व्यक्ति गुजर जाए तो सभी के लिए मुश्किल खड़ी हो जाएगी।
चौराहे पर फिर से सजने लगे ठेले, नवीन नगर मे भी अब जाम
मुरादाबाद। शहर में जगह-जगह ठेले और खोखे फिर से लगने लगे हैं। इन ठेले और खोखों पर आने वाले लोगों के वाहनों की वजह से भी जाम लग रहा है। कांठ रोड पर नवीन नगर में लोगों ने अपनी दुकानों का सामान सड़क पर रखना शुरू कर दिया है। जिससे जाम की स्थिति बनने लगी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें