बिलारी। सोमवार को बिलारी तहसील में लेखपाल संघ के चुनाव की प्रक्रिया के दौरान दिनभर लेखपालों में सरगर्मी बनी रही। यहां अध्यक्ष समेत अन्य पदों पर तो निर्विरोध चुनाव संपन्न हो गया जबकि सचिव पद पर कांटे के मुकाबले में जहांगीर हुसैन ने कपिल कुमार को 11 वोटों से हराया।
लेखपाल संघ की तहसील बिलारी इकाई के होने वाले चुनाव को लेकर कई दिन से बिलारी तहसील के लेखपालों में चर्चा तेज थी। सोमवार सुबह तहसील सभागार में लेखपाल संघ चुनाव प्रक्रिया शुरू कराई गई। जिला लेखपाल संघ की ओर से चुनाव अधिकारी बनाकर भेजे गए संजीव सहरावत और हिमांशु सिंह ने चुनावी प्रक्रिया शुरू कराई। पहले तो लेखपाल संघ के प्रत्येक पद पर कई दावेदार सामने आए लेकिन बाद में आपस में सहमति बनती चली गई। अंत में एक पद पर एक ही प्रत्याशी दावेदार होने की वजह से अधिकतर पदों पर निर्विरोध प्रत्याशी चुन लिए गए।
चुनाव अधिकारी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर अभिनाश यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नाजिया सुल्तान, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर हरिओम सिंह, उप सचिव पद पर सुमित अग्रवाल, कोषाध्यक्ष पद पर कौशल चौधरी और लेखा परीक्षक पद पर निक्की चौहान को निर्विरोध चुना गया। सचिव पद पर जहांगीर हुसैन और कपिल कुमार दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह जाने की वजह से मतदान कराया। बिलारी तहसील के कुल 67 में से 65 लेखपालों ने मतदान प्रक्रिया में भाग लिया। जहांगीर हुसैन को 38 और कपिल कुमार को 27 लेखपालों का सर्मथन मिला। मतगणना के बाद जहांगीर हुसैन ने कपिल कुमार को 11 वोटों से हराकर सचिव पद का चुनाव जीत लिया। सभी पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हो जाने के बाद सहयोगी लेखपालों में नवनिर्वाचित लेखपाल संघ पदाधिकारियों को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया। लेखपाल संघ के पूर्व अध्यक्ष शिव कुमार और पूर्व अध्यक्ष दिनेश कुमार ने भी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने में सहयोग किया।