नए सत्र में ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूल दो जुलाई से खुलेंगे। लेकिन बच्चों की पढ़ाई का अभी कोई ठिकाना नहीं है। स्कूल खुलने के साथ ही स्कूल चलो अभियान शुरू होगा। जबकि उन्हें दी जाने वाली निशुल्क पुस्तकें भी अभी वितरित नहीं की गई हैं। ऐसे में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से ठप ही रहेगी।
जुलाई सत्र में छात्र छात्राएं दो जुलाई से स्कूल पहुंचेंगे। हालांकि पहला ही दिन से पढ़ाई लिखाई संबंधी कोई गतिविधि नहीं होगी। स्कूल खुलने के साथ ही स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली जाएगी। इसमें बच्चों रैली में शामिल होकर अभिभावकों को हर हाल में अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए जागरूक करेंगे।
रविवार के अवकाश के बाद ग्रीन यूपी, क्लीन यूपी के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई जाएगी। उसी दिन निशुल्क फल वितरण समारोह भी होगा। कुल मिलाकर पढ़ाई के अलावा स्कूलों में सभी कार्य होंगे।
अभी तक नहीं आई हैं किताबें
मुरादाबाद। बेसिक स्कूल के छात्र छात्राओं को मिलने वाली निशुल्क पुस्तकें अभी तक नहीं आई हैं। किताबें कब तक आएंगी। इसके बारे में भी कोई जानकारी विभाग के पास नहीं है। इसी प्रकार से निशुल्क ड्रेस वितरण के लिए 31 जुलाई तक ड्रेस वितरण का आदेश तो आया है, लेकिन बजट भी नहीं मिला। ऐसे में बच्चे बिना किताबों की पढ़ाई करेंगे।