कोतवाली क्षेत्र के बारादरी नई बस्ती स्थित एक मकान से पुलिस ने एक्सपोर्टर, रेलवे कर्मचारी समेत छह लोगों को पकड़ा है। ये सभी आईपीएल पर सट्टा लगा रहे थे। पुलिस ने इसके कब्जे से एक लाख 90 हजार, मोबाइल और लैपटॉप बरामद किया है। एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
कोतवाली पुलिस को सूचना दिए बिना ही एसएसपी के आदेश पर एसओजी और दूसरे थाने की पुलिस ने छापा मारा था। एसएसपी नितिन तिवारी के आदेश पर एएसपी डा. यशवीर सिंह के नेतृत्व में एसओजी और पुलिस ने सोमवार रात बारादरी नई बस्ती में एक घर में दबिश दी। पुलिस ने यहां से छह लोगों को पकड़ लिया। जबकि एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लाख 90 हजार रुपये, छह मोबाइल और एक लैपटॉप बरामद किया है।
पुलिस ने पकड़े गए लोगों के नाम संजय अरोरा उर्फ संजय टेडा पुत्र सत्यप्रकाश निवासी गौर ग्रेसियस, सचिन पुत्र जय प्रकार निवासी मंडी चौक, मो. हनीफ पुत्र सद्दीक निवासी बारादरी, मो. अहमद पुत्र नबी जान निवासी जामा मस्जिद मुगलपुरा, सलीम पुत्र मो. हनीफ निवासी चक्कर की मिलक थाना सिविल लाइंस, सचिन निवासी मंडी चौक बताया है। जबकि बारादरी रियाजुउद्दीन फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पकड़ा गया संजय अरोड़ा का पीतल का कारोबार है। जबकि सचिन रेलवे विभाग में कर्मचारी बताया जा रहा है। पकड़े गए लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस की मिलीभगत से चल रहा था खेल- कोतवाली पुलिस की मिलीभगत से पूरा खेल चल रहा था। लोगों ने कई बार पुलिस को सूचना दी थी कि कोतवाली क्षेत्र के एक मकान में आईपीएल पर सट्टा लगाया जाता है। लेकिन पुलिस ने एक बार भी दबिश नहीं दी। सोमवार को लोगों ने सीधे एसएसपी को इस मामले की जानकारी दी। तब एसएसपी ने एएसपी यशवीर सिंह और एसओजी टीम को दबिश देने को कहा। पुलिस ने मौके से छह लोगों को दबोच लिया। एसएसपी ने बताया कि कोतवाली पुलिस के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।