मुरादाबाद। अभिनेत्री जयाप्रदा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में दर्ज केस की विवेचना कर रहे विवेचक सोमवार को अदालत में पेश हुए। विवेचक की ओर से कहा गया कि वह कोरोना की वजह से गवाहों के बयान दर्ज नहीं कर पाए हैं। अदालत ने इस मामले में सुनवाई की अगली तारीख 21 अगस्त तय की है।
कटघर क्षेत्र में मुस्लिम डिग्री कालेज में आयोजित एक कार्यक्रम में अभिनेत्री और रामपुर की पूर्व सांसद जयाप्रदा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। इस मामले में सांसद आजम खान, सांसद एसटी हसन, अब्दुल्ला आजम समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना रामपुर क्राइम ब्रांच में चल रही है। एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट ने इस मामले में विवेचक को तलब किया था। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता मुनीष भटनागर ने बताया कि सोमवार को विवेचक कोर्ट में पेश हुए। विवेचक ने कहा कि लॉक डाउन और कोरोना संक्रमण की वजह से वह गवाहों के बयान दर्ज नहीं कर पाए हैं। इस मामले में अगली तारीख लगा दी जाए। अदालत ने इस मामले में 21 अगस्त की तारीख तय की है।