ठाकुरद्वारा। नगर में सूचना विभाग की भूमि पर मदरसा और दुकानें बनाने के आरोप की प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। नगर के भाजपा के पूर्व महामंत्री नागेंद्र लांबा ने 20 जून को संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम से इस बारे में शिकायत की थी।
उन्होंने आरोप लगाया था कि सूचना विभाग के नाम से अभिलेखों में दर्ज भूमि पर मदरसा और दुकानें बना ली गई हैं। उन्होंने दुकानों और मदरसे को हटाने की मांग की। शिकायत पर डीएम ने एसडीएम को जांच के आदेश दिए। यहां पर पहले सिनेमा हॉल बना हुआ था। इसके बंद हो जाने के बाद उसकी भूमि को सूचना विभाग को दे दिया गया था। शिकायतकर्ता का दावा है कि राजस्व अभिलेखों में यह भूमि अभी भी सूचना विभाग के नाम दर्ज है। शिकायत के बाद प्रशासन ने आरोप की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में एसडीएम जितेंद्र सिंह वीर बाल ने अधिकारियों के साथ बैठक की है। एसडीएम ने बताया कि शिकायत की जांच कराई गई है। शीघ्र जांच पर निर्णय लिया जाएगा। संवाद