मुरादाबाद। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जागरूकता फैलाने वाले सेहत विभाग ने खुद ही नियम तोड़ दिए। विकास भवन में स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को उनके प्रमाण पत्रों के साथ बुला लिया गया। हैरानी की बात ये रही कि जिस विकास भवन में अभ्यर्थियों का ये हुजूम इकट्ठा था, वहीं शुक्रवार को पांच संक्रमित भी निकले हैं। इस बात का पता लगने के बाद से जहां स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की पेशानी पर बल पड़ा हुआ है, वहीं अभ्यर्थी भी चिंतित हैं।
पंचायतीराज मंत्री भूपेंद्र सिंह के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर तीन दिन पहले डीपीआरओ समेत विकास भवन के 110 कर्मचारियों की जांच की गई थी। शुक्रवार सुबह प्राप्त हुई इस रिपोर्ट में विकास भवन स्थित उद्यान विभाग के लिपिक, वैज्ञानिक अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी, जिला प्रोबेशन कार्यालय की लिपिक, आरईएस के कंप्यूटर ऑपरेटर तथा डीपीआरओ कार्यालय के लिपिक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से कोविड-19 की रोकथाम के लिए तीन से छह माह के लिए स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, एक्सरे टेक्नीशियन व स्वीपर की भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को शुक्रवार सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक अपने प्रमाण पत्रों के साथ वाक-इन इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। इस पर जिले के विभिन्न स्थानों से सैकड़ों युवक, युवतियों का सुबह छह बजे से ही विकास भवन पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह दस बजे के बाद अभ्यर्थियों की भीड़ अधिक बढ़ जाने पर सोशल डिस्टेंसिंग धड़ाम होने लगी। इसी बीच जैसे ही कुछ देर के लिए बारिश शुरू हुई वैसे ही विकास भवन के बाहर सैकड़ों की संख्या में एकत्र अभ्यर्थी भी भाग कर विकास भवन में पहुंच गए।
00000
कार्यालय दोपहर बाद दिए बंद, साक्षात्कार चलता रहा
मुरादाबाद। विकास भवन के पांच कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की रिपोर्ट की जानकारी विकास भवन में सुबह करीब 11 बजे हो सकी। मुख्य विकास अधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार दोपहर बाद से रविवार तक के लिए विकास भवन के सभी कार्यालय बंद करा दिए। दोपहर बाद लगभग सभी कार्यालयों में सैनिटाइजेशन भी कराया गया। लेकिन विकास भवन सभागार में स्वास्थ्य विभाग का साक्षात्कार चलता रहा।
- इतनी अधिक अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने का अंदाजा नहीं था। कोरोना संक्रमण के चलते बेरोजगारी बढ़ी है। इसी के चलते अभ्यर्थियों की अधिक भीड़ जुट गई। बारिश के कारण लाइन नहीं लग सकी। विकास भवन के पांच कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसकी जानकारी हो गई थी, लेकिन इतनी जल्दी स्थान बदलना संभव नहीं था। अभ्यर्थी दूर दराज से आए थे लिहाजा साक्षात्कार रद्द करना भी उचित नहीं था।
- डॉ. एमसी गर्ग, मुख्य चिकित्साधिकारी