पाकबड़ा (मुरादाबाद)। मझोला के नया मुरादाबाद में बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे बल्देव कन्या इंटर कॉलेज के कर्मचारी का शव नाले में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम भी मौके पर बुला ली। पुलिस ने शव नाले से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच पड़ताल कर नमूने जुटाए हैं।
मझोला थाना क्षेत्र के नया मुरादाबाद स्थित सेक्टर 13 ए निवासी सत्यप्रकाश (45) बल्देव कन्या इंटर कॉलेज में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी पद पर तैनात थे। परिवार में पत्नी कुसुमलता और एक गोद ली हुई बच्ची दिव्यांशी है। परिजनों के अनुसार सत्यप्रकाश बुधवार की दोपहर दो बजे घर से निकले थे। रात तक घर नहीं पहुंचे तो पत्नी ने फोन लगाया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। पत्नी ने अपने देवर को जानकारी दी। बृहस्पतिवार को परिजनों ने आस पास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों से फोन कर जानकारी ली लेकिन कहीं से कोई जवाब नहीं मिला। बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे वहां से नया मुरादाबाद में नाले के पास से कुछ लोग गुजर रहे थे। इसी दौरान नाले में शव दिखाई दिया तो उन्होंने 112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही मझोला थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और फॉरेंसिक टीम भी बुला ली। इसकी जानकारी मिलने पर आस-पड़ोस के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने जैसे तैसे नाले से शव को निकाला। इसकी जानकारी मिलने पर सत्यप्रकाश के परिजन भी आ गए और उन्होंने शव देखकर मृतक की पहचान सत्यप्रकाश के रूप में की। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।