बिलारी। नगर व देहात इलाके में हीटवेव से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। अधिक गर्मी के चलते बीडीओ ने सभी गोशालाओं में पशुओं के लिए पानी और ठंड आदि व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। उधर, तहसील में बार एसोसिएशन ने गर्मी में वादकारियों के कम आने से आगामी पांच दिन तक न्यायिक कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया है।
बीडीओ नरेशपाल सिंह ने पंचायत सचिवों व ग्राम विकास अधिकारियों के साथ बैठक की। बीडीओ ने कहा कि हाजीपुर, भूड़ मरेशी, फतेहपुर नत्था, चंगेरी, मोहम्मदपुर मनसुख आदि ग्रामों में संचालित गोशालाओं की व्यवस्थाएं दुरुस्त करें। पशुओं के लिए ठंडा पानी और हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था कराएं। अधिक गर्मी का असर खेती के कार्यों और दुधारू पशुओं के दुग्ध उत्पादन पर भी पड़ रहा है। नगर के मुख्य बाजार में भी साप्ताहिक पैंठ बाजार के दिनों को छोड़कर ग्राहक कम संख्या में आ रहे हैं।
उधर, शनिवार सुबह तहसील बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की बैठक में बार पदाधिकारियों ने कहा कि तेज धूप और गर्मी के मौसम में गर्म लू चलने से मुकदमों की पैरवी के लिए वादकारी काफी कम संख्या में आ रहे हैं। इससे पीठासीन अधिकारियों के समक्ष मुकदमाें की सुनवाई के दौरान मुश्किलें आ रही हैं। पदाधिकारियों ने सर्व सम्मति से 25 से 29 मई तक तहसील की सभी अदालतों में न्यायिक कार्य स्थगित करने का निर्णय लिया। बैठक की अध्यक्षता तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी विनय कुमार सिंह और संचालन महासचिव सुनील कुमार ने किया। बैठक में पारित प्रस्ताव की प्रतियां संंबंधित न्यायालयों को भेज दीं गईं।