बिलारी। बीडीओ ने ब्लॉक कार्यालय में बुधवार दोपहर पंचायत सचिवों और ग्राम विकास अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से विभागीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान फैमिली आईडी के बाकी काम शीघ्र पूरा करने और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बाल मैत्रिक शौचालय शीघ्र बनाने के निर्देश दिए।
खंड विकास अधिकारी नरेशपाल सिंह ने फैमिली आईडी का महत्व बताते हुए कहा कि जिन ग्रामीणों के पास खाद्य सुरक्षा वाले राशन कार्ड नहीं हैं ऐसे सभी परिवार फैमिली आईडी जरूर बनवाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए चिन्हित परिवारों को फैमिली आईडी बनवाया जाना जरूरी है। फैमिली आईडी बनाने संंबंधी लक्ष्यपूर्ति में पिछड़ने वाले सचिवों से संबंधित एडीओ कृषि, एडीओ समाज कल्याण और एडीओ आइएसबी को बीडीओ ने चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
बीडीओ ने कहा कि तीनों प्रकार की पेंशनों का गांव में मौके पर जाकर सत्यापन किया जाए। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत अधूरे पड़े आवासों को शीघ्र पूरा कराएं। नया वित्तीय वर्ष शुरू होने पर मनरेगा के कार्यों में तेजी लाई जाएं।