ठाकुरद्वारा। नगर में रंजीत इंडियन गैस एजेंसी पर मंगलवार को सिलिंडर के लिए उपभोक्ता घंटों 40 डिग्री तापमान में धूप में खड़े रहे। शिकायत पर एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को वहां भेज कर उपभोक्ताओं को धूप से बचाने के लिए टेंट लगवाने और पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। होम डिलीवरी करवाने को भी पूर्ति निरीक्षक से कहा गया है।
रंजीत इंडेन गैस एजेंसी पर एक महीने बाद भी उपभोक्ताओं की लाइन कम नहीं हो रही है। इस एजेंसी पर करीब 10 हजार उपभोक्ता हैं। सुबह 6:00 बजे से उपभोक्ता सिलिंडर के लिए लाइन में लग जाते हैं लेकिन उनका नंबर घंटों बाद आता है। ठाकुरद्वारा निवासी ताहिर हुसैन का कहना है कि वह सुबह 9:00 बजे से यहां खड़े हुए हैं दोपहर 1:00 बजे तक भी उनका नंबर नहीं आया। पुलिसकर्मी एजेंसी के अंदर बैठे रहते हैं और पहुंच वाले लोगों को पहले सिलिंडर दे दिया जाता है।
गांव कुआंखेड़ा खालसा निवासी बुंदू अली ने बताया कि उन्होंने चार अप्रैल को सिलिंडर के लिए ऑनलाइन बुकिंग करवाई थी। तीन दिन से सिलिंडर लेने आ रहे हैं लाइन में लगते हैं और फिर उन्हें मना कर दिया जाता है। सोनू कुमार ने कहा कि उन्होंने 14 अप्रैल को सिलिंडर बुक कराया था लेकिन अभी तक नहीं मिला है।
सुरजन नगर निवासी निवासी मनीष कुमार का कहना था कि पिता के नाम का ऑनलाइन बुक किया गया सिलेंडर लेने के लिए दो दिन से आ रहे हैं आज भी सुबह से लाइन में लगे हुए हैं। दोपहर 2:00 बजे एजेंसी को बंद कर दिया जाता है। पूर्ति निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि एसडीएम के निर्देश पर वहां पर टेंट लगाने की व्यवस्था की जा रही है । संवाद