मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क किनारे एक साल के बच्चे का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मासूम के शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। शुक्रवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि मासूम की मौत ठंड से होने से हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह कटघर थानाक्षेत्र में लाकड़ी तिराहे के पास सड़क किनारे एक वर्षीय बच्चे का शव पड़ा था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में ले लिया। काफी प्रयास के बाद भी बच्चे की पहचान नहीं हो पाई। बच्चे के शरीर पर ग्रे रंग की पजामी, हरा स्वेटर, सफेद टी शर्ट, ग्रे कलर का इनर और गुलाबी कैप लगी थी।
इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि बच्चा का शव मिलने की सूचना मुरादाबाद जनपद के सभी थानों के अलावा आस पास के जनपदों में भी भिजवाई गई है। ताकि कहीं से कोई बच्चा लापता या अपहरण हुआ तो उसके परिजन यहां आकर उसकी पहचान कर सकें। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि बच्चे की मौत ठंड लगने से हुई है।
कहीं अपहरण का शिकार हुआ मासूम
मुरादाबाद। एक साल का मासूम। जिसे अभी न तो अपनों की इतनी ज्यादा पहचान और न ही दुश्मनों के बारे में कोई जानकारी रही होगी। फिर भी मासूम को रातभर खुले आसमान के नीचे सड़क किनारे ठिठुरने के लिए कौन छोड़ गया। यह सवाल सभी के जुबान पर है। बच्चे को किसी जानवर ने तो नहीं नोंचा, मगर कुदरत के आगे वह हार गया। गुरुवार की कड़ाके की रात में ठंड से उसकी मौत हो गई। मासूम को अपनों ने ठुकराया या फिर वह अपहरण का शिकार हुआ है। ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा। फिलहाल इतना तो साफ हो गया है कि बच्चा किसी वाहन से उछल कर यहां नहीं गिरा है। अगर किसी वाहन से गिरा होता तो उसे चोटें लगी होती। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर चोट का एक भी निशान नहीं आया है। जिससे साफ है कि बच्चा यहां किसी के साथ ही पहुंचा होगा।