सोमवार यानि 22 फरवरी से मुरादाबाद रेल मंडल में तीन मेल एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू हो रही हैं। मुरादाबाद का रेलवे स्टेशन यात्रियों के स्वागत के लिए तैयार है। अब रेलवे को इंतजार इस बात है कि यात्री इन ट्रेनों में अपनी रुचि दिखाएं और अच्छी संख्या में टिकटों की बिक्री हो। यात्रियों की संख्या को मद्देनजर रखकर ही धीरे धीरे नियमित ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाएगा।
सोमवार से शुरू होने जा रही मेल एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्री अनारक्षित टिकट से सफर कर पाएंगे इसके लिए रेलवे स्टेशन पर अनारक्षित टिकट काउंटर शुरू करा दिया गया है। वहीं दूसरी ओर एमएसटी पास धारकों को अभी इंतजार करना पड़ेगा। रेलवे ने आधिकारिक रूप से स्पष्ट किया है कि इन मेल एक्सप्रेस ट्रेनों में एमएसटी मान्य नहीं होंगे।
मेल एक्सप्रेस ट्रेनों के शुरू होने के बाद रेलवे स्टेशन पर सभी गेटों से प्रवेश और निकास शुरू करा दिया जाएगा। पार्किंग पहले ही शुरू हो चुकी है। इसके अलावा बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों के लिए एस्केलेटर और लिफ्ट भी शुरू कराए जाएंगे। गौरतलब है कि रेलवे स्टेशन पर एस्केलेटर और लिफ्ट 22 मार्च के बाद से बंद पड़े हैं।
रेलवे ने इनके मेंटेनेंस का कार्य पूरा करा दिया है और दोबारा शुरू होने के लिए ये पूरी तरह फिट हैं। इसके अलावा रोगियों और दिव्यांग यात्रियों को ट्रेन के कोच तक पहुंचाने के लिए रेलवे स्टेशन पर व्हील चेयरों की व्यवस्था भी है।