यूपी के संभल में मीट कारोबारियों के सरायतरीन स्थित घर और गांव चिमियावली स्थित मीट फैक्टरी पर आयर विभाग की कार्रवाई जारी है। मीट फैक्टरी में करोड़ों का अवैध लेनदेन मिले हैं। करोड़ों रुपये के जुर्माने की भी चर्चा है।
यूपी के संभल जिले के सरायतरीन निवासी मीट कारोबारी हाजी इमरान और हाजी इरफान के घर व चिमियावली स्थित मीट फैक्टरी में आयकर टीम ने बुधवार को तीसरे दिन भी जांच पड़ताल की। जांच में आयकर टीम को करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन मिले हैं।
विज्ञापन
सूत्रों का कहना है कि बोगस फर्मों के माध्यम से पशुओं की खरीद फरोख्त और विदेशी धन अवैध तरीके से खपाने के सबूत मिले हैं। संभल के सरायतरीन निवासी मीट कारोबारियों के घर और फैक्टरी में आयकर टीम सोमवार की सुबह चार बजे से छानबीन कर रही है।
पुलिस और पीएसी के जवानों का पहरा
बुधवार को कार्रवाई के तीसरे दिन भी दिनभर छानबीन जारी रही। पुलिस और पीएसी के जवानों का पहरा दिखाई दिया। कर्मचारी और एक रिश्तेदार के घर की छानबीन मंगलवार की शाम को पूरी कर ली गई थी लेकिन कारोबारियों के घर और फैक्टरी पर छानबीन जारी है।
फैक्टरी में 100 से ज्यादा कर्मचारी व मजदूर हैं। इतनी ही संख्या में आयकर विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद होने की बात सामने आ रही है। हालांकि फैक्टरी के अंदर किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। साथ ही निकलने की भी इजाजत नहीं है।
यह कार्रवाई अभी कितनी लंबी चलनी है। इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है। सूत्रों का कहना है कि मीट कारोबारियों के करीबी लोग भी आयकर के निशाने पर हैं। कई संपत्तियों के दस्तावेज ऐसे मिले हैं जिनकी सही जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है। जबकि यह संपत्तियां बेशकीमती हैं।
आयकर की टीम ने ही बच्चों को स्कूल तक छोड़ा
मीट कारोबारियों का संयुक्त परिवार है। एक ही घर में रहते हैं। परिवार में कई बच्चे हैं जो स्कूल जाते हैं। बुधवार को स्कूल छोड़ने के लिए भी आयकर की ही गाड़ी गई। जब स्कूल का समय पूरा हुआ तो टीम की गाड़ी से ही बच्चे घर तक पहुंचे। हालांकि मंगलवार और सोमवार को बच्चे स्कूल जाते हुए नहीं देखे गए थे।
बोगस फर्म और महंगी कारें किसी दूसरे के नाम होने की चर्चा
मीट कारोबारियों को लेकर चर्चा है कि कई बोगस फर्म प्रकाश में आई हैं। इसी तरह महंगी कारें भी दूसरे लोगों के नाम होने की चर्चा चल रही है। यह वह लोग हैं जो मीट कारोबारियों के साथ रहते हैं। इसमें एक कर्मचारी भी शामिल हैं। जबकि एक रिश्तेदार बताया जा रहा है।
बोगस फर्मों को लेकर चर्चा है कि करोड़ों रुपये का लेनदेन इन फर्मों से किया गया है। इन फर्मों से जुड़े सबूत आयकर की टीम को मिले हैं। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही फर्मों का लेनदेन और संख्या स्पष्ट हो सकेगी।
जिलेभर में दुकानों पर नहीं पहुंचा मीट
इंडिया फ्रोजन फूड से ही जिलेभर में मीट की सप्लाई जाती है। तीन दिन से चल रही कार्रवाई के चलते अब मीट की दुकानों पर सप्लाई नहीं पहुंच रही है। कुछ दुकानदारों ने दूसरे जिले से मीट लाकर दुकानों पर बेचा है। हालांकि ज्यादातर दुकानें बंद रही हैं। क्योंकि जिले में एक ही मीट फैक्टरी चलती है। दो अन्य फैक्टरी बंद पड़ी हैं।