कुंदरकी। दस दिन पहले से कुंदरकी के मुख्य बाजार में अचानक लापता हुई युवती का पता नहीं लग सका है। इसी बीच युवती का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह अपहरण के आरोप से इन्कार करते हुए अपनी मर्जी से निकाह करने की बात कह रही है जबकि पिता ने अपनी बेटी को डरा-धमका कर वीडियो बनाने की आशंका व्यक्त की है।
मझोला थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि 14 जुलाई की शाम चार बजे उसकी बेटी अपनी मामी और खलेरी बहन के साथ कुंदरकी के मुख्य बाजार में कपड़े की खरीदने गई थी। उसकी बेटी को कुंदरकी से मझोला क्षेत्र का ही निवासी आरोपी नदीम बहला-फुसला कर ले गया। आरोपी और उसके भाई नासिर ने दस दिन पहले उसके बेटे को धमकी दी थी कि अपनी बहन का रिश्ता नदीम के साथ कर दे। वहीं रिश्तेदार के मोबाइल पर एक वीडियो आया जोकि उसकी बेटी का है जिसमें उसने अपनी मर्जी से नदीम के साथ जाना और निकाह करने की बात कही है। पीड़ित को आशंका है कि उसकी बेटी को डरा-धमका कर वीडियो बनाया गया है। उसकी बेटी को अगवा करने में आरोपी की भाभी और बहन का भी हाथ है। थाना प्रभारी प्रदीप सहरावत का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।