मुरादाबाद। सिविल लाइंस के मिशन कंपाउंड में रहने वाले 54 वर्षीय व्यापारी दीपक सिंह से व्हाट्सएप पर एक महिला ने संपर्क किया। महिला साइबर ठग ने ऑनलाइन ट्रेडिंग कराने के नाम पर उनसे 17.06 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित ने सिविल लाइंस थाने में आरोपी महिला और उसके साथी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
साइबर ठगी के शिकार हुए दीपक सिंह ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि छह जून को उनके वाट्सएप पर एक महिला ने कॉल की थी। उसने दीपक सिंह को फ्री ऑनलाइन ट्रेडिंग कोर्स के बारे में बताया। इसके बाद महिला ने उन्हें जोसिस क्लब 21 नाम के वाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। इस ग्रुप में भी ट्रेडिंग करने का तरीका बताया गया। दीपक सिंह ने बताया कि उन्हें फोन पे के शेयर मार्केट का को-फाउंडर बनाया गया है।
उन्हें यह भी जानकारी दी कि उनके शेयर के इंस्टीट्यूशनल स्टॉक केवल उनके द्वारा बनाए गए। इस व्हाट्सएप ग्रुप में आदित्य वर्मा, यशस्वी शर्मा उर्फ शिवानी शर्मा ग्रुप एडमिन थे। दोनों ने दीपक को बताया कि ऑनलाइन रकम निवेश करने पर उन्हें हाई रिटर्न दिलाएंगे। आरोपियों ने झांसा देकर उनसे 17.06 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। जब उन्होंने बल्क-एसएम-प्रो प्लेटफॉर्म से रुपये निकालने का प्रयास किया तो उनका अकाउंट ही फ्रीज कर दिया गया।
इसके बाद पीड़ित को एहसास हो गया कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है। उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर इस मामले की शिकायत की। सीओ सिविल लाइंस कुलदीप गुप्ता ने बताया तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। साइबर सेल की मदद से सिविल लाइंस थाने की पुलिस इस मामले में साइबर ठगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।