फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: नशे में धुत रोडवेज चालक ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, गुस्साए लोगों ने बस में की तोड़फोड़

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। कांठ रोड पर नौवीं वाहिनी पीएसी के सामने शनिवार की दोपहर करीब दो बजे 45 सवारियां लेकर नजीबाबाद जा रही रोडवेज बस के चालक ने नशे की हालत में आगे चल रहे ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इस हादसे में ई-रिक्शा में बैठीं तीन सवारियां और चालक अनिल घायल हो गया। इसके बाद बस दौड़ाकर भाग रहे चालक ने पीएसी तिराहे पर गैस सिलिंडर लदे वाहन में भी टक्कर मार दी। इससे गुस्साएं लोगों ने बस रुकवा ली। चालक की जमकर पिटाई कर बस में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने हिरासत में लेकर चालक का मेडिकल कराया जिसमें अल्कोहल की पुष्टि हुई है।
विज्ञापन

पुलिस के मुताबिक नजीबाबाद डिपो की रोडवेज बस शनिवार की दोपहर मुरादाबाद से नजीबाबाद जा रही थी जिसमें 45 सवारियां सवार थीं। बस अड्डे से निकलने के बाद बस कांठ रोड से गुजर रही थीं। यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि चालक ने शहर के अंदर ही बस तेज रफ्तार कर दी। पीलीकोठी तिराहे के पास यात्रियों ने चालक को टोका लेकिन उसने रफ्तार कम नहीं की। कांठ रोड पर नौवीं वाहिनी पीएसी के सामने उसने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। ई-रिक्शा दूर जाकर पलट गया और सवारियां इधर-उधर गिर गईं। हादसे में आशियाना कॉलोनी निवासी ई-रिक्शा चालक अनिल को गंभीर चोट आई और तीनों महिला सवारियां भी घायल हो गईं।
हादसे के बाद चालक ने करीब आधा किलोमीटर दूर पीएसी तिराहे पर गैस सिलिंडर लदे वाहन में टक्कर मार दी। इसके बाद मौके पर लोग जुट गए और यात्रियों ने भी शोर मचाकर बस रुकवा ली। भीड़ ने चालक को नीचे खींच लिया और उसकी जमकर पिटाई की। इसके बाद बस में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान मौके पर भीड़ जुट गई। इस कारण कांठ रोड पर जाम लग गया। लोग चालक को खींचकर ई-रिक्शा के पास ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक अनिल को जिला अस्पताल भिजवा दिया। जबकि घायल तीनों महिलाएं अपने परिजनों के साथ चलीं गईं।
विज्ञापन

बस के चालक ने पूछताछ में अपना नाम प्रफुल विश्नोई बताया। वह बिजनौर जिले के नजीबाबाद थानाक्षेत्र के आदर्श कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मेडिकल कराया जिसमें अल्कोहल की पुष्टि हुई है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। आरोपी चालक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए परिवहन निगम को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

हादसे के बाद कांठ रोड पर लगा जाम
मुरादाबाद। इस हादसे से गुस्साए लोगों ने बस में तोड़फोड़ की तो टूटे शीशे कांठ रोड पर दूर तक फैल गए जिससे लोगों को निकलने में परेशानियां उठानी पड़ी। हादसे की जानकारी मिलने पर सिविल लाइंस थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्षतिग्रस्त बस को पुलिस चौकी भिजवा दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने रोड से शीशे को टुकड़ों को साफ किया। इसके बाद ही यातायात चालू हो पाया। ब्यूरो
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें