ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। गांव लौंगी खुर्द में रविवार की देर शाम आरएसएस के कार्यकर्ताओं के साथ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मारपीट और घर पर पथराव कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। साथ ही तनाव को देखते हुए संघ कार्यकर्ता के घर पर पुलिस तैनात कर दी है।
गांव लौंगी खुर्द निवासी ऋतिक व हर्षित समेत कई संघ कार्यकर्ता रविवार को गांव लौंगी कलां में आयोजित आरएसएस के शताब्दी वर्ष समारोह कार्यक्रम में शामिल होकर वापस गांव लौट रहे थे। गांव के पास सुल्तानपुर दोस्त चौराहे पर बस स्टैंड के पास वह गांव निवासी फरमान के सैलून के पास खड़े थे। आरोप है कि फरमान ने उन पर कुछ कमेंट्स कर दिया। जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हो गई।
बाद में हर्षित और ऋतिक वहां से घर चले गए। आरोप है कि रात करीब आठ बजे दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने हर्षित के घर पर पथराव कर दिया। पथराव में उसका सौर ऊर्जा पैनल भी क्षतिग्रस्त हो गया। हर्षित का कहना है कि उन्होंने परिवार के साथ घर में छिपकर जान बचाई। बाद में हर्षित गांव के कुछ लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। गांव में तनाव को देखते हुए हर्षित के घर पर पुलिस तैनात कर दी गई है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांचाल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।