बिलारी (मुरादाबाद)। राजा का सहसपुर रेलवे जंक्शन से आगे रविवार की सुबह रेलवे ट्रैक पार करते समय गांव खंडुआ निवासी नरेनिया (64) की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव खंडुआ निवासी रामेश्वर सिंह की कृषि भूमि रेलवे लाइन से पश्चिम में गांव सतारन की ओर है। रविवार की सुबह छह बजे रामेश्वर सिंह के परिवार के सदस्य खेत में धान की फसल काटने के लिए गए थे। परिजनों को चाय पिलाने के लिए नरेनिया घर से निकलकर रेलवे लाइन पार करते हुए खेत की ओर जा रही थीं। रेलवे ट्रैक पार करते समय वह चंदौसी से ऋषिकेश की ओर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गईं। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ देर बाद वहां से ग्रामीण गुजरे तो उन्होंने रेलवे ट्रैक पर शव देखकर परिजनों को सूचना दी। ग्राम प्रधान रविंद्र चौधरी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
ग्रामीणों ने रेलवे अंडरपास बनवाने की मांग उठाई
खंडुआ गांव के लोगों ने जिला प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों से गांव में रेलवे अंडरपास बनवाने की मांग उठाई है। रविवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने की वजह से खंडुआ निवासी नरेनिया और पालनपुर गांव निवासी अंकित भटनागर की मौत हो गई। ग्राम प्रधान चौधरी रविंद्र सिंह, पूर्व प्रधान डाॅ. अजयपाल सिंह और अबूपुरा सहकारी समिति के पूर्व सभापति संजीव यादव आदि ने बताया कि मुरादाबाद से राजा का सहसपुर बिलारी होते हुए चंदौसी को जाने वाली रेलवे लाइन खंडुआ गांव के निकट है। दूसरी दिशा में जाने के लिए लोगों को ट्रैक पार करके जाना पड़ता है। बताया कि अभी तक गांव निवासी रामजीमल, छोटू, जाकिर समेत कई ग्रामीणों की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो चुकी है। ग्रामीणों की मांग है कि खंडुआ गांव की आबादी के निकट रेलवे के अधिकारी रेलवे लाइन के नीचे अंडरपास बनवाएं। रविवार दोपहर ग्रामीणों की ओर से इस आशय का ज्ञापन भी अधिकारियों को भेजा गया है।