अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। सेंट मीरा अकादमी काशीराम नगर शाखा के विद्यार्थियों ने फुटबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में कुल 82 टीमों ने प्रतिभाग किया।
कड़े मुकाबलों के बीच सेंट मीरा अकादमी की टीम ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए 12 टीमों को पराजित किया और प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पूरी प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास के साथ मुकाबले खेले। टीम के खिलाड़ियों ने एक-दूसरे के साथ बेहतर तालमेल बनाकर खेलते हुए विपक्षी टीमों को कड़ी चुनौती दी। लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद टीम ने फाइनल मुकाबले में भी अपना दबदबा बनाए रखा और विजेता बनने का गौरव हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विजेता टीम में हर्षित कुमार, अक्षिता कुमार, अभिजय चौधरी, कार्तिक बिष्ट, सूर्यांश कुमार, आदित्य कुमार, देव प्रियम सिंह, अंश निमरा, आदित्य खरे, एकलव्य यादव और दिवाकर सिंह शामिल रहे। सभी खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण का प्रदर्शन किया। टीम की इस सफलता में कोच इसरार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण से खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतर रणनीति के साथ प्रदर्शन किया। कोच ने खिलाड़ियों को खेल की तकनीक, अनुशासन और टीम के रूप में खेलने के लिए तैयार किया।
विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य ने टीम के सभी खिलाड़ियों और कोच को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।