कांठ (मुरादाबाद)। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रविवार को गांव गढ़ी में अवैध रूप से चल रही पैथोलॉजी लैब सील कर दी। यहां मौके पर न तो लैब का रजिस्ट्रेशन ही मिला और न ही कोई पंजिकृत चिकित्सक की पाया गया।
रविवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ के चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव सिंह टीम और पुलिस को साथ लेकर क्षेत्र के गांव गढ़ी स्थित जम जम पैथोलॉजी लैब पर पहुंचे। यहां जांच के दौरान लैब संचालित मिली, मौके पर कोई भी पंजिकृत या प्रशिक्षित चिकित्सक नहीं मिला। लैब स्टाफ से पूछताछ की गई तो कोई भी मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से जारी होने वाला लैब संचालन का रजिस्ट्रेशन तक नहीं दिखा पाया। यहां मौके से टीम ने कुछ जांच रिपोर्ट भी जब्त की। साथ ही लैब को अवैध रूप से संचालित किए जाने के आरोप में तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव सिंह ने बताया कि लैब पूर्ण रूप से अवैध थी, इसलिए उसे सील किए जाने की कार्रवाई की गई है, संचालक के खिलाफ थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। इस दौरान बीपीएम चंद्रशेखर यादव, उपनिरीक्षक गौरव कुमार, एसआई गंगासरन भी रहे।