हाईवे पर बंद किए गए ‘मौत के कट’ को शरारती तत्वों ने तोड़ दिया। रविवार सुबह लोगों ने कट टूटे देखे तो पुलिस को सूचना दी गई। खबर मिलने पर एनएचएआई की टीम भी मौके पर पहुंच गई और दोबारा इन कटों को बंद कर दिया गया है। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार रात कस्बे में हाईवे पर खुले मौत के करीब दस कटों को पुलिस ने सख्ती के साथ बंद कर दिया गया था। कुछ लोगों ने इन कटों को खोलने की मांग की थी, लेकिन इन कटों के चलते करीब दो साल में दो दर्जन से ज्यादा मौतें सौ मीटर की दूरी में हो चुकी हैं।
शनिवार भी एक हादसा होते होते बचा था। शनिवार की रात पुलिस ने कटों को बंद करा दिया था। लेकिन शरारती तत्वों ने मौत के कटों को तोड़ दिया। इसकी सूचना पाकर पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंच गई।
एनएचएआई की टीम ने कटों को फिर से बंद कर दिया। एसओ सुधीर कुमार धामा ने शरारती तत्वों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। इस मामले में पाकबड़ा निवासी रईस को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसओ ने हाईवे पर अतिक्रमण को तुरंत साफ करने को कहा है।
उन्हाेंने कहा की अगर 24 घंटे में खुद अतिक्रमण नही हटाया गया तो पुलिस अतिक्रमण को साफ करा देगी। एनएचएआई ने बताया की अतिक्रमण के चलते हाईवे के किनारे के सभी नाले बंद पडे़ हैं इसके चलते पानी कस्बे में भर जाता है। अतिक्रमण हटे तो नाला सफाई की जाये।