फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: शिक्षक ही न बन पाए स्मार्ट... कैसे शुरू हो क्लास

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग ने अपने स्कूलों में स्मार्ट क्लास तो बना दीं लेकिन शिक्षक आधुनिक तकनीक वाली एलईडी का संचालन ही नहीं कर पा रहे हैं। इसके कारण प्रति विद्यालय दो लाख रुपये खर्च कर दिए गए संसाधनों का लाभ छात्रों को नहीं मिल पा रहा है। खंड शिक्षा अधिकारियों के निरीक्षण में लगातार खामियां सामने आ रही हैं।
विज्ञापन

स्कूलों में स्मार्ट क्लास का संचालन न होने से अधिकारी एक बार फिर शिक्षकों को प्रशिक्षण दिलाने पर मंथन कर रहे हैं। इसके लिए डायट सेे अपील की जा रही है। मंगलवार को भी मुरादाबाद ग्रामीण ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी वागीश गोयल ने 10 स्कूलों का निरीक्षण किया। इनमें कंपोजिट विद्यालय ज्ञानपुर, कंपोजिट विद्यालय उत्तमपुर बहलोल, कंपोजिट विद्यालय डिडौरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय चौधरपुर आदि शामिल हैं।
सभी स्कूलों में एक ही खामी पाई गई कि शिक्षक स्मार्ट क्लास का संचालन नहीं कर पा रहे हैं। स्मार्ट क्लास में 75 इंच का फुल टच एलईडी बोर्ड, इंटरनेट कनेक्टिविटी, बैटरी, इनवर्टर समेट कई उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। विद्यालयों को स्मार्ट क्लास व ई-लर्निंग से जोड़ने के लिए कई तरह की सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसमें इंटरैक्टिव बोर्ड, इंटरैक्टिव डिस्प्ले तथा ऑडियो-विजुअल सेटअप भी शामिल हैं।
विज्ञापन

अब तक जो बच्चे परिवार में स्मार्टफोन या टैबलेट न होने के कारण तकनीकी शिक्षा से नहीं जुड़ पा रहे थे, उन्हें इससे काफी लाभ हो सकता है। इनके माध्यम से छात्रों को रेखा गणित की संरचनाएं 3-डी में समझाई जा सकती हैं। वहीं विज्ञान के कई टॉपिक आसान बनाकर सिखाए जा सकते हैं। इसमें यूट्यूब की सहायता से भी शिक्षक बच्चों को पढ़ा सकते हैं। शिक्षकों के दक्ष न होने से यह सारी व्यवस्थाएं कामयाब नहीं हो रही हैं।
-

बेसिक के 2600 स्कूलों में पढ़ते हैं 6.49 लाख छात्र
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 2600 स्कूल हैं। इनमें 6.49 लाख छात्र पंजीकृत हैं। पहले चरण में 100 से ज्यादा स्कूलों को स्मार्ट बनाया जा चुका है। धीरे-धीरे सभी स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू की जा रही हैं। कंपोजिट विद्यालय दांग, कंपोजिट विद्यालय तहसीली, कंपोजिट विद्यालय मुगलपुरा, कंपोजिट विद्यालय कटार शहीद, मझोला, मुफ्ती टोला लाकड़ी, कंपोजिट विद्यालय सोनकपुर, पीएसी कन्या, कंपोजिट विद्यालय लोदीपुर, कंपोजिट विद्यालय राजकीय फैजगंज, उच्च प्राथमिक विद्यालय कुंदनपुर, उप्रावि मऊ, प्राथमिक विद्यालय कल्यानपुर, प्राथमिक विद्यालय मकबरा बालक समेत कई स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू हो चुकी हैं।

-
विद्यालयों के निरीक्षण में पाया जा रहा है कि शिक्षक स्मार्ट क्लास का संचालन नहीं कर पा रहे हैं। प्रधानाध्यापक के साथ सहायक अध्यापकों को भी ट्रेनिंग दिलाने के लिए डायट कार्यालय को पत्र लिखा जाएगा। सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधा का छात्रों को लाभ मिलना चाहिए। - वागीश गोयल, खंड शिक्षा अधिकारी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें