विधायक अब्दुल्ला आजम के हमसफर रिजॉर्ट की दीवार गिराए जाने के बाद रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने ग्रीन बेल्ट में निर्माण करने, सड़क के लिए जगह नहीं छोडे़ जाने और नक्शा पास नहीं कराने के आरोप में नोटिस भेजा दिया था। विधायक ने इसका जवाब दे दिया है।
ये भी पढ़ें- फिर बढ़ीं आजम की मुश्किलें, अब शत्रु संपत्ति को वक्फ में दर्शाने पर मामला दर्ज
उन्होंने कहा कि इस जमीन में उनका स्वामित्व निहित नहीं है जबकि उसका मालिकाना हक रखने वाली उनकी मां राज्यसभा सदस्य डॉ. तजीन फात्मा ने नोटिस का अलग जवाब दिया है। उन्होंने सक्षम अधिकारी से मानचित्र स्वीकृत होने की बात कही है।
सिंचाई विभाग ने बीते शुक्रवार को सांसद आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम के हमसफर रिजॉर्ट के पिछले हिस्से की दीवार गिरा दी थी। आरोप है कि दीवार नाले की जगह पर बनाई गई थी। इसको लेकर सिंचाई विभाग ने पहले नोटिस जारी किया गया था।
वहीं, बीते शनिवार को आरडीए की टीम ने हमसफर रिजॉर्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान पता चला कि रिसोर्ट ग्रीन बेल्ट की जगह में बना है। रिसोर्ट के आगे मानक के अनुरूप सड़क के लिए जगह नहीं छोड़ी गई और रिसोर्ट का नक्शा पास नहीं कराया गया है। इसको लेकर आरडीए ने विधायक अब्दुल्ला आजम के नाम नोटिस जारी कर दिया था।
विधायक ने नोटिस का जवाब देते हुए कहा है कि आरडीए ने रिसोर्ट की दीवार पर नोटिस चस्पा किया है। उसमें जो बातें कही गई हैं के संबंध में बताया कि उल्लिखित संपत्ति का स्वामित्व मुझमें निहित नहीं है।
उन्होंने नोटिस को अपनी लेकर छवि प्रभावित करने पर नाराजगी भी जताई है। वहीं, राज्यसभा सदस्य डॉ. तजीन फात्मा ने नोटिस का जवाब देते हुए कहा कि हमसफर रिसोर्ट के सभी मानचित्र सक्षम अधिकारी से स्वीकृत कराए गए थे, जिनकी छाया प्रतियां भी उन्होंने आरडीए को भेजी हैं।
उन्होंने कहा कि नोटिस में भवन की माप न लेने देने का भी आरोप लगाया गया है, जबकि रिसोर्ट में मौजूद लोगों ने बताया कि कर्मचारियों ने भवन की माप ली हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि जब भी माप लेनी हों तो पूर्व सूचना देने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ नापतौल की जा सकती है।